अंबेडकरनगर: अनियंत्रित डंपर पलटने से बाइक सवार दो लोगों की दबकर मौत, मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मौहरिया खानपुर के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में अनियंत्रित डंपर के पलटने से दो लोगों की नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से डंपर के नीचे दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

बता दें कि अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मौहरिया खानपुर के पास गिट्टी लदा हुआ डंपर जा रहा था। तभी अचानक से सामने आई कार को बचाने में डंपर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। डंपर पलटने से रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार दो लोग नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान संतलाल 50 वर्ष और सुरेंद्र शर्मा 40 वर्ष निवासी औरंगनगर पहितीपुर के रूप में हुई है। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। 

डंपर पलटने की सूचना से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मेहनत के बाद डंपर से गिट्टी को हटाकर पलटी हुई डंपर को सीधा किया गया। जिसके बाद दोनों दबे हुए शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली प्रभारी बोले
अकबरपुर कोतवाली प्रभारी बिरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अनियंत्रित डंपर के पलटने से दो लोगों की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

ये भी पढ़ें-CM योगी का अखिलेश पर तंज: सत्ता तो विरासत में मिल सकती है लेकिन बुद्धि नहीं

संबंधित समाचार