Kanpur: कमलेश फाइटर का खास साथी मुशीर गिरफ्तार, पुलिस कई दिनों से कर रही थी तलाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। नजीराबाद पुलिस ने जेल भेजे गए कमलेश फाइटर के खास साथी मुशीर को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस इस गिरोह के शातिर और फाइटर के अन्य साथी शानू लफ्फाज की तलाश कर रही है। अनवरगंज के इस्तिखाराबाद निवासी मुशीर के खिलाफ नजीराबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज थी।

मुशीर के खिलाफ पुराने चार मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार खबर छापकर बदनाम करने और वसूली करने वाले इस गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था। पुलिस ने कमलेश फाइटर को कुछ दिन पहले उसके साले सूरज के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 

पुलिस पूछताछ में मुशीर ने बताया कि वह और उसका साथी शहर में विवादित प्लाटों पर हो रहे निर्माण को तलाशते थे। उसके बाद कमलेश फाइटर को इसकी जानकारी देते थे। जिसके बाद वसूली शुरू की जाती थी। मुशीर ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि बिल्डिंग छोटी हो या बड़ी, एक मंजिल हो या चार मंजिल। कमलेश दस लाख से नीचे की मांग नहीं करता था।

कहीं गलत नक्शा तो कहीं बिना मानक के बिल्डिंग बनाने की बात कहता था। कमलेश के कहने पर कुछ केडीए के कर्मचारी भी पहुंचकर उसका साथ देने लगते थे, जिसके बाद रकम देने का काम शुरू होता था। इस संबंध में एडीसीपी सेंट्रल महेश कुमार ने बताया कि कमलेश के खास साथी मुशीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: पूर्व प्रेस क्लब उपाध्यक्ष नीरज अवस्थी और मुंतजिर की जमानत याचिका मंजूर; फिलहाल इसलिए रहेंगे जेल में...

संबंधित समाचार