Unnao News: भरभराकर गिरी कच्ची दीवार...मलबे में दबकर बाबा और पोते की मौत, एक मवेशी ने भी तोड़ा दम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कच्ची दीवार गिरने से बाबा और पोते की मौत

उन्नाव, अमृत विचार। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के बख्तौरी खेड़ा गांव में एक दुखद हादसे में वृद्ध और उनके पोते की मौत हो गई। बुधवार सुबह के समय गांव के एक घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, मलबे में दबकर वृद्ध बद्री (62) और उनके पोते महेंद्र (32) मलबे के नीचे दब गए। घटना में एक मवेशी की भी मौत हुई है।

अचानक दीवार गिरने की आवाज सुनकर पोता महेंद्र दौड़कर अपने दादा को बचाने के लिए छप्पर के नीचे चला गया। इस दौरान दीवार पूरी तरह से ढह गई और दोनों मलबे के नीचे दब गए। परिजनों और ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल राहत कार्य शुरू किया। 

कड़ी मेहनत के बाद लगभग एक घंटे में मलबे को हटाकर दोनों को निकाला गया। वृद्ध बद्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पोता महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत हसनगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। 

घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक महेंद्र की पत्नी नीलम और बेटे लक्ष्य प्रताप सिंह का बुरा हाल है। महेंद्र खेती किसानी करने के साथ ही डीसीएम चालक भी था। पुलिस ने शवों काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

एसडीएम राम देव निषाद ने घटना की गंभीरता को देखते हुए परिवार को हर संभव मदद देने की बात की है। मृतक बद्री के दो बेटे संतूपाल और राम प्रताप पाल है, और उनकी पत्नी रजाना पाल भी है। घटना के बाद गांव में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और उनकी आंखें नम हो गईं। पशु चिकित्सा अधिकारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर गाय का पोस्टमार्टम किया और उसे गांव के बाहर दफना दिया गया।

ये भी पढ़ें- कानपुर में बीच हाईवे पर सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप: पुलिस कमिश्नर संग अफसर मौके पर पहुंचे, मृतका की नहीं हो सकी शिनाख्त

संबंधित समाचार