लखीमपुर खीरी: पत्नी समेत चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच 

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली के गांव सरपता निवासी सूरज के फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
गांव परसदहा निवासी सुनीता देवी ने बताया कि उसने अपने पुत्र सूरज कुमार का विवाह गांव पनगीपुरवा निवासी लक्ष्मी देवी के साथ 31 मई 2022 को किया था। विवाह के बाद से पुत्र सूरज और बहू के बीच संबंध मधुर नहीं थे। दोनों के बीच अक्सर लडाई झगडा हुआ करता था। बहू लक्ष्मी करवा चौथ पर जेवरात लेकर मायके गयी थी। उसके बाद सूरज के काफी प्रयास के बाद विदा होकर घर नहीं आई, इससे सूरज मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था। 9 नवंबर 23 की सुबह सूरज अपनी ससुराल पत्नी को विदा कराने गया था। उसी दिन रात करीब 9 बजे वापस आया और कमरे में लेट गया। वह काफी परेशान था। सुबह 10 बजे जब सूरज देर तक नही उठा तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई। शंका होने पर कमरे की खिड़की तोड़कर देखा तो पुत्र का शव छत के कुंडे से लटक रहा था। उनके बेटे ने पत्नी लक्ष्मी देवी व ससुराल के अन्य लोगों की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने अगले दिन शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मृतक की पत्नी लक्ष्मी देवी, भारत प्रसाद, अरविंद कुमार और अमित कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार