बरेली: फेसबुक पर गर्लफ्रेंड बनकर दोस्त से की ठगी
बरेली, अमृत विचार। एक युवक ने अपने ही दोस्त से विश्वासघात कर उसे डेढ़ लाख रुपये की चपत लगा दी। सबसे पहले युवक ने अपने दोस्त को लड़की बनकर फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। उसके बाद दोस्त बताकर रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कराई और फिर गर्लफ्रेंड बनकर बात करता रहा। उसके बाद लड़की की मां के जलने …
बरेली, अमृत विचार। एक युवक ने अपने ही दोस्त से विश्वासघात कर उसे डेढ़ लाख रुपये की चपत लगा दी। सबसे पहले युवक ने अपने दोस्त को लड़की बनकर फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। उसके बाद दोस्त बताकर रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कराई और फिर गर्लफ्रेंड बनकर बात करता रहा। उसके बाद लड़की की मां के जलने पर इलाज के बहाने 96 हजार रुपये मांग लिए। पीड़ित दोस्त ने एसएसपी ऑफिस में मामले की शिकायत की है। एसपी क्राइम ने मामले की जांच साइबर सेल को भेज दी है।
मूलरूप से अलीगढ़ के शाहजहांबाद निवासी गजय सिंह गोकुल नगर कैंट में रहता है। उन्होंने बताया कि गांधी उद्यान के पास स्थित निजी अस्पताल में काम करते वक्त उसकी मुलाकात आंवला निवासी रोहित से हुई थी। वह रोहित पर बहुत विश्वास करता था। उसके फेसबुक पर शिवांगी नाम से रिक्वेस्ट आयी तो उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली।
उसके बाद व्हाट्सएप पर भी बातचीत शुरू हो गई। उसने शिवांगी के बारे में अपने दोस्त को बताया तो दोस्त ने कहा कि वह शिवांगी और उसके घरवालों को अच्छी तरह से जानता है। जब उसने फेसबुक और व्हाट्सएप पर कथित शिवांगी से पूछा तो उसने भी रोहित से जान पहचान बताई। इस पर उसे भरोसा हो गया कि शिवांगी लड़की ही है।
गजय सिंह के मुताबिक, कुछ दिनों बाद वह दिल्ली में काम करने चला गया। आरोप है कि कुछ दिनों बाद रोहित ने उसे फोन किया कि शिवांगी की मां जल गई हैं। उन्हें इलाज के लिए पैसों की जरूरत है। इस पर उसने शिवांगी को फोन करके पूछना चाहा तो फोन नहीं उठाया और मैसेज किया कि रोहित से बात करो, मैं अपनी मां की देखभाल कर रही हूं।
दूसरी लड़की की आईडी की थी हैक
गजय सिंह के मुताबिक, उसने रोहित से कहा कि उसकी नई नौकरी लगी है जिसके चलते वह आ नहीं सकता। इस पर रोहित ने कहा कि वह उसके पिता के खाते में रुपये भेज दे। वह शिवांगी की मां के इलाज में लगा देगा। इसके बाद गजय ने रोहित के पिता भगवानदास के खाते में कई बार में 96 हजार रुपये भेज दिए। यही नहीं रोहित ने दिल्ली जाकर उससे 50 हजार रुपये नकद भी ले लिए। जब वह दिल्ली से वापस आया और रोहित से कहा कि शिवांगी की मां को देखने चलते हैं तो फिर बहाना बनाने लगा।
कई बार की टालमटोल करने पर शक हुआ तो उसने रोहित से सच बोलने के लिए कहा तो रोहित ने अपने पिता और दोस्तों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। उसने बताया कि उसने शिवांगी नाम की लड़की की आईडी हैक करके तुम्हें मूर्ख बनाया है। वह अपने पिता और दो दोस्तों के साथ मिलकर इस तरह से ठगी कर रहे हैं। इसके बाद उसे रास्ते से हटाने के लिए उसे नशीला पदार्थ पिलाई और इंजेक्शन लगाने के बाद चौपुला चौराहा के पास अधमरा छोड़कर चले गए। किसी तरह से वह हॉस्पिटल पहुंचा तो उसकी जान बच सकी।
