बिहार में दूसरे चरण के मतदान में तीन बजे तक 44.51 प्रतिशत हुई वोटिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। बिहार में दूसरे चरण के विधान सभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रहे मतदान में आज अपराह्न तीन बजे तक 44.51 प्रतिशत मतदाता घरों से बाहर निकले और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दूसरे चरण में 94 विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से मतदान चल …

पटना। बिहार में दूसरे चरण के विधान सभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रहे मतदान में आज अपराह्न तीन बजे तक 44.51 प्रतिशत मतदाता घरों से बाहर निकले और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दूसरे चरण में 94 विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से मतदान चल रहा है और अपराह्न तीन बजे तक 44.51 प्रतिशत मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व का हिस्सा बनने के लिए वोटिंग कर चुके हैं।

इस कार्य में सबसे अधिक मुजफ्फरपुर के 50.96 प्रतिशत मतदाताओं ने उत्साह दिखाया है जबकि पटना जिले के वोटरों की गति धीमी रही है और अपराह्न तीन बजे तक सबसे कम 39.65 मतदाताओं ने ही मतदान किया है।

पश्चिम चंपारण जिले में 47 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 42.94, शिवहर में 49.50, सीतामढ़ी में 42.81, मधुबनी में 43.25, दरभंगा में 42.99, मुजफ्फरपुर में 50.96, गोपालगंज में 46.49, सीवान में 42.92, सारण में 41.38, वैशाली में 45.38, समस्तीपुर में 45.80, बेगूसराय में 47.97, खगड़िया में 50.05, भागलपुर में 44.98, नालंदा में 45.46 और पटना जिले में 39.65 प्रतिशत मतदातओं ने वोटिंग की है।

इस बीच बेगूसराय जिले के बखरी विधानसभा क्षेत्र के बखरी बाजार में मतदान शुरू होने में देरी को लेकर मतदाताओं ने हंगामा कर दिया। हंगामा कर रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं, पटना जिले के फतुहा विधानसभा क्षेत्र के सोनारू गांव के मतदान केंद्र संख्या-185 पर भी जबरदस्त हंगामा हुआ। इसके अलावा मतदान कर रहे परिवार के साथ दबंगों ने मारपीट की है। इसको लेकर पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पटना में मतदान करने के बाद कहा कि बिहार की जनता शांति, सुरक्षा और विकास चाहती है ये तीनों राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्वास करते हैं कि जब तक बिहार का विकास नहीं होगा तब तक देश का विकास नहीं होगा। बिहार की जनता इस पूरे संदेश को समझती है। इस चुनाव में राजग की बड़ी जीत होगी।

वहीं अभिनेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने मतदान करने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एवं अपने पुत्र लव सिन्हा की जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार बिहार में बदलाव की लहर है। उन्हें विश्वास है कि परिणाम बिहार में लव सिन्हा और विकास के पक्ष में होंगे। इसी तरह प्लूरल्स पार्टी की अध्यक्ष एवं पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार पुष्पम प्रिया चौधरी ने ट्वीट कर मतदाताओं से वोट करने की अपील की और कहा, “बिहार से प्यार है और गंदी राजनीति से नफरत तो आज वोट करें। 30 साल से अब आगे बढ़ने का समय है।

वहीं छपरा से प्राप्त सूचना के अनुसार, सारण जिले के मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल प्रत्याशी जितेंद्र कुमार राय, छपरा सीट से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार डॉ. सी. एन. गुप्ता ने पत्नी गायत्री आर्यानी के साथ मतदान किया। साथ ही बनियापुर विधानसभा क्षेत्र के मशरख प्रखंड में 90 वर्षीय शत्रुघ्न तिवारी ने वोट दिया।

इस बीच शिवहर से यहां प्राप्त सूचना के अनुसार, शिवहर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय मध्य विद्यालय बेदौल बाज पूर्वी भाग बूथ संख्या 23 पर इलेक्ट्रॉनिक वाटिंग मशीन (ईवीएम) मशीन खराब होने से यहां दोपहर बारह बजे तक मतदान बाधित रहा। वहीं नालंदा जिले में नूरसराय के आदर्श मतदान केंद्र संख्या-39 पर पहली बार मतदान कर रहे मतदाताओं को सहायक निर्वाची पदाधिकारी राहुल कुमार ने पौधा देकर किया सम्मानित किया।

संबंधित समाचार