लखीमपुर खीरी: घर के सामने बाघ देख सहमा मकान मालिक, फैली दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

आंवला जंगल में माइनर रपटा पुल पर भी देखा गया बाघ, राहगीर सहमे

मितौली, अमृत विचार। क्षेत्र के आंवला जंगल से सटे गांव डोकरपुर में घर के सामने बैठे बाघ को देखकर मकान मालिक भयभीत हो गया और दरवाजा बंद कर घर में  दुबक गया। वहीं आंवला जंगल नरवा माइनर रपटा पुल पर बाघ को रोड क्रास करते देखकर राहगीर सहम गए। वन विभाग आंवला की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले आवागमन न करने की अपील की है।

आंवला जंगल से सटे गांवों में लगातार बाघ की मौजूदगी के चलते ग्रामीण परेशान हैं। बाघ आबादी तक आ रहा है। खेतों में शिकार के अवशेष देखे जा रहे हैं। शुक्रवार रात डोकरपुर गांव निवासी प्रकाश गांव के घर के बाहर बाघ पहुंच गया। उन्होंने घर से बाहर आने के लिए दरवाजा खोला तो सामने बाघ को बैठा देख उनके होश उड़ गए। भयभीत होकर उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया। वहीं शाम को नरवा माइनर रपटा पुल पर बाघ को रोड क्रास करते ग्रामीणों व राहगीरों ने देखा और भागकर गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने वन विभाग आंवला को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बाघ की पुष्टि की है। वहीं ग्रामीणों को सतर्क रहने के साथ देर शाम व सुबह खेतों में न जाने की अपील की है।

संबंधित समाचार