तटबंध के पास टहलते दिखे जंगली जानवर, दहशत : ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, भेड़िया होने की अफवाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सोमवार की दोपहर गणेशपुर स्थित बांध के पास जंगली जानवर देखे जाने के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों ने पानी में टहलते इन जानवरों का वीडियो बनाया जिसमें इनके भेड़िया होने का दावा किया गया, हालांकि अमृत विचार इसकी पुष्टि नहीं करता। सूचना पाकर पहुंचे वन कर्मचारियों ने कांबिंग की, जिसमें जंगली जानवर के पग चिन्ह होने की पुष्टि हुई।

ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। जानकारी के अनुसार थाना रामनगर के गणेशपुर स्थित ठाकुर द्वारा मंदिर के पास स्थित तटबंध के पास खेतों में तीन भेड़िए चहलकदमी करते हुए दिखाई दिए, इसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना पाकर भारी संख्या में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शोर शराबा मचाया, जिससे जंगली जानवर नदी की तरफ बढ़ गए। ग्रामीणों ने उसका वीडियो भी बना लिया है। वह इन जानवरों को भेड़िया बता रहे।

जानवरों के देखे जाने के बाद गणेशपुर व उसके आसपास दर्जनों गांव में हड़कंप मचा हुआ है। वन कर्मचारी की गस्त जारी है और ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है। खेत में आने जाने वाले ग्रामीण डर के कारण लाठी डंडा लेकर समूह में आने जाने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गणेशपुर बांध के नीचे आगे का जंगली रास्ता बहराइच जनपद को जाता है। पिछले काफी दिनों से बहराइच जनपद में आतंक मचाने के बाद जानवर यहां आ धमके हैं।

संबंधित समाचार