बरेली: इस बार मां दुर्गा का डोली पर आगमन, हाथी पर प्रस्थान

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार आगमन और प्रस्थान दोनों ही कष्टकारी

बरेली, अमृत विचार। शारदीय नवरात्र का पर्व 3 से 11 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार मां दुर्गा का आगमन और प्रस्थान दोनों ही कष्टकारी हैं। सुरेश शर्मा नगर निवासी ज्योतिषाचार्य पं. रमाकांत दीक्षित ने बताया कि काशी के पंचांग के अनुसार इस बार माता रानी का आगमन डोली और प्रस्थान हाथी पर होगा। यह दोनों शुभ नहीं हैं।

ज्योतिषाचार्य पं. रमाकांत दीक्षित ने बताया कि डोली पर आगमन का फल कष्ट और विपदा है, जबकि हाथी से प्रस्थान का फल भारी वर्षा है। 3 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र की शुरुआत आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से होगी। कलश स्थापन का शुभ मुहूर्त सुबह 6:07 से 9:30 बजे है। दिन में 11:37 से 12:23 बजे तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा। कालीबाड़ी मंदिर के पुजारी पं. बृजेश गौड़ ने बताया कि नवरात्र व्रत का पारण 12 अक्टूबर को उदयकालीन दशमी में होगा। दुर्गा की स्थापित मूर्तियों को शाम तक विसर्जित किया जाएगा।

संबंधित समाचार