पूर्व विधायक सूर्यकांता व्यास का निधन, 'जीजी' के नाम से थीं मशहूर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता सूर्यकांता व्यास का आज सुबह निधन हो गया। वह करीब 86 वर्ष की थी। व्यास पिछले कई दिनों से बीमार थी और उन्होंने सुबह अंतिम सांस ली। राजनीतिक गलियारों में सूर्यकांता व्यास को 'जीजी' के नाम से पुकारा जाता था। वह वर्ष 1990 में जोधपुर से पहली बार भाजपा उम्मीदवार के रूप विधायक बनी और विधानसभा पहुंची।

इसके बाद वह यहां से वर्ष 1993 एवं 2003 में फिर भाजपा प्रत्याशी के रूप में विधायक निर्वाचित हुई। व्यास वर्ष 2008 , 2013 एवं 2018 में जोधपुर के सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से भी विधायक निर्वाचित हुई और वह छह बार विधायक रही। जीजी के नाम प्रसिद्ध व्यास गत विधानसभा चुनाव भी भाजपा के टिकट पर लड़ना चाहती थी लेकिन पार्टी से उन्हें टिकट नहीं मिला। उनके निधन पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गहरा दुख जताया है। 

शर्मा ने सोशल मीडिया पर कहा " सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक, भाजपा परिवार की वरिष्ठ सदस्य सूर्यकान्ता व्यास 'जीजी' के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। कुछ दिन पूर्व ही उनसे भेंट हुई थी जहां उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। मेरे प्रति उनका अपार स्नेह और वात्सल्य सदैव बना रहा। उनका स्वर्गवास भारतीय जनता पार्टी परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। " उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। 

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर विधानसभा के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी, PM मोदी ने की सभी मतदाताओं से मतदान की अपील

संबंधित समाचार