लखनऊ: लाटूश रोड पर एक व्यावसायिक इमारत में लगी आग, कोई हताहत नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। लखनऊ के व्यस्त कैसरबाग इलाके में लाटूश रोड पर स्थित एक व्यावसायिक इमारत में बृहस्पतिवार को सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी मंगेश कुमार ने एक न्यूज एजेंसी को बताया, ''आग पूर्वाह्न लगभग 10 बजे एक व्यावसायिक इमारत में लगी। इसमें बड़ी संख्या में दुकानें और गोदाम हैं। गनीमत है कि सुबह का समय होने के कारण कोई भी व्यक्ति आग में नहीं फंसा।''

उन्होंने यह भी बताया कि अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और आग बुझाने का काम जारी है। कैसरबाग के अंतर्गत आने वाले अमीनाबाग में लाटूश रोड पर स्थित इस इमारत के एक घर में रहने वाली शांति जायसवाल ने बताया, ''हमने आग सुबह करीब साढ़े नौ बजे देखी। उस समय घर में सात-आठ लोग थे। वे सभी सुरक्षित हैं।''

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आग लगने के बाद इलाके की सभी दुकानों को बंद कर दिया गया। बृहस्पतिवार को बाजार की साप्ताहिक बंदी होने के कारण भीड़ नहीं थी। व्यस्त चारबाग-कैसरबाग सड़क पर यातायात को शिवाजी मार्ग और बांसमंडी क्रॉसिंग की ओर मोड़ दिया गया है। गौतम बुद्ध मार्ग के नाम से भी जानी जाने वाली लाटूश रोड व्यावसायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। 

यह भी पढ़ें:-Nirmala Sitharaman: निर्मला सीतारमण ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति से की मुलाकात, इस मुद्दे पर हुई चर्चा

संबंधित समाचार