मुरादाबाद: सर्राफा बाजार में करेंगे ‘सैर’ तो रहेगी पुलिस की नजर
अमृत विचार, मुरादाबाद। त्योहार के मौके पर सर्राफा बाजार की बेवजह सैर करने वाले थोड़ा सतर्क हो जाएं, कहीं ऐसा न हो की बेवजह का सैर-सपाटा आपको पुलिस की निगाहों में ला दे। त्योहार और सहालग की तैयारियों के मद्देनजर शासन के आदेश के बाद लूट, चेन स्नेचिंग और ठगी की घटनाओं को रोकने के …
अमृत विचार, मुरादाबाद। त्योहार के मौके पर सर्राफा बाजार की बेवजह सैर करने वाले थोड़ा सतर्क हो जाएं, कहीं ऐसा न हो की बेवजह का सैर-सपाटा आपको पुलिस की निगाहों में ला दे। त्योहार और सहालग की तैयारियों के मद्देनजर शासन के आदेश के बाद लूट, चेन स्नेचिंग और ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने अपना खाका तैयार कर लिया है।
सर्राफा बाजारों में लगे सीसीटीवी से पुलिस की नजर आप पर रहेंगी। इसके अलावा व्यापारियों संग मिलकर दुकानों के बाहर की ओर लगे कैमरों को दुरुस्त कराया गया है। साथ ही सर्राफा के अलावा भी प्रमुख बाजारों और चौराहों पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है।
त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। बुधवार (आज) करवा चौथ का त्योहार है। इसके बाद दिवाली व छठ पूजा पर्व है। वहीं शादियों का सीजन भी शुरू हो गया है। जिस कारण लाकडाउन के दौरान जिन बाजारों में चंद लोग नजर आ रहे थे, वहां पर अब जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। दिन निकलने के साथ ही उमड़ने वाली भीड़ देर रात तक प्रमुख बाजारों के अलावा महानगर की सड़कों पर चहल-पहल नजर आती है। इधर त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही चोरी, लूट और ठगी की वारदातें बढ़ गई हैं।
बढ़ती वारदातों के कारण सर्राफा व्यापारियों ने सुरक्षा का मुद्दा उठाया था। जिस पर शासन ने आदेश दिए थे कि सर्राफा बाजारों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। शासन ने जरूरत पड़ने पर सर्राफा व अन्य व्यापारियों के साथ मिलकर स्थानीय अफसरों को सुरक्षा का खाका तैयार करने को भी कहा था। जिसको लेकर स्थानीय अफसरों ने अपनी कवायद पूरी कर ली है। महानगर में मुख्यतय मंडी चौक और गंज बाजार में प्रमुख से सर्राफा कारोबार होता है।
हर संदिग्ध पर रहेगी कैमरे की नजर
प्लान के तहत मंडी चौक व गंज बाजार में घूमने वालों पर खुफिया नजरें रहेगी। इसके लिए कोतवाली पुलिस द्वारा लगवाए गए सीसीटीवी को दुरूस्त करा दिया गया है। कोतवाली से बैठकर पुलिस कर्मी लगातार कैमरों के जरिए बाजार में नजर रखेंगे। संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर उससे पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा जिन दुकानदारों ने बाहर की ओर कैमरे लगवाए हैं, उनका भी पुलिस वालों ने निरीक्षण किया। दुकान की सुरक्षा के लिहाज से खराब कैमरों को सही कराने की सलाह दी गई। इसके अलावा अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है।
एसपी सिटी अमित आनंद ने कहा कि दोनों सर्राफा बाजारों में कोतवाली पुलिस के अलावा 40 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जिसमें महिला कांस्टेबिल भी हैं। सीसीटीवी दुरुस्त करा दिए गए हैं। हर संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ के आदेश दिए गए हैं।
