रायबरेली में चूड़ी बेचने के बहाने करते थे रेकी, आठ बदमाश गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। लालगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरों के एक बड़े गैंग का खुलासा करते हुए पुलिस ने आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह सभी अभियुक्त मध्य प्रदेश के दतिया जनपद के रहने वाले हैं। जो उन्नाव जनपद में डेरा डालकर पारदी मोंगिया नाम से चोरों के गैंग का संचालन करते थे। इनके पास से पुलिस ने 31 हजार नगद और लाखों कीमत के जेवरात समेत तीन मोटर साइकिलें बरामद की हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की सात वारदातों में संलिप्तता जाहिर की है। जिसमें सलोन थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपत्ति से मारपीट कर चोरी की घटना और लालगंज कस्बे में एक दुकान से बैग चोरी की घटना प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही सरेनी गदागंज मिल एरिया और बछरावां थाना क्षेत्र की विभिन्न घटनाओं में भी यह लोग शामिल रहे हैं।

गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि इस गिरोह में कई महिलाएं भी शामिल हैं जो गांव-गांव चूड़ी की फेरी करके घरों की रेकी करती हैं। उसके बाद गिरोह में शामिल पुरुष अपनी सुविधा के हिसाब से घरों को चोरी का निशाना बनाते हैं। उन्होंने बताया कि चोरों का यह गिरोह अन्य जनपदों में भी सक्रिय रहा है। संबंधित जनपदों से समन्वय बनाकर घटनाओं का अनावरण करने का प्रयास किया जाएगा।

इसके साथ ही इन सभी के अपराधिक इतिहास को खंगालने के लिए भी क्षेत्रीय पुलिस से संपर्क साधा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विवेचना में जो भी अभियुक्त प्रकाश में आएंगे उन सभी की गिरफ्तारी की जाएगी। अभी फिलहाल अभिषेक मोगिया, राजीव मोगिया, कोहिनूर मोगिया, गुल्लू मोगिया, नितीश मोगिया, सुजीत मोगिया, जीतू मोगिया, इंकू मोगिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।

संबंधित समाचार