कानपुर में पुलिस पर बम से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार: 149 बम, तमंचा और कारतूस बरामद
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में गांजा तस्करी के विवाद में फायरिंग और बमबाजी की घटना के बाद चकेरी पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने 149 देशी बम, तमंचा व कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पकड़ने गई टीम पर आरोपियों ने बम से हमला कर दिया था। जिसमें पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए थे। पकड़े गए आरोपियों का एक साथी मौके से फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
18 सितंबर को काजीखेड़ा में गांजा तस्कर अंकित तुत्तल और काशी सोनकर ने काजीखेड़ा में अन्नी और बउवा से विवाद के बाद फायरिंग कर बम चलाए थे। जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की थी। लेकिन पुलिस ने बमबाजी के बजाये पटाखा छुड़ाने की बात कही थी। हालांकि पुलिस घटना के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
चकेरी प्रभारी निरीक्षक अशोक दुबे ने बताया कि 27 सितंबर की देर रात पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर एचएएल से टटियन झनाका मोड़ के पास दबिश दी जहां पर तीन युवक खड़े थे। लेकिन पुलिस को देख आरोपी भागने लगे थे और टीम पर बम फेंक दिया था। जिसमे पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए थे। तभी पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को घेरकर पकड़ा। जिसमे एक आरोपी मौके से भाग निकला।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम कालीबाड़ी निवासी राजू सिंह और आदी सिंह बताया। साथ ही आरोपियों ने भागे हुए अपने साथी का नाम अंकित सिंह बताया। आरोपियों ने बताया कि वे सभी गांजा तस्कर अंकित तुत्तल के साथी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 149 देशी बम और एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। उन्होंने बताया कि आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा है। इसके अलावा आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
