बरेली : फार्म हाउस की दीवार गिरी, मलबे में दबकर मालकिन और मजदूर की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

एसडीएम और नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी

नवाबगंज, अमृत विचार। नवाबगंज में गांव धमीपुर में फार्म हाउस की चारदीवारी गिरने से मलबे में दबकर मालकिन और मजदूर की मौत हो गई।

नवाबगंज निवासी सरदार सर्वजीत सिंह उर्फ मिंटू का गांव धमीपुर में फार्म हाउस है। सोमवार सुबह उनकी पत्नी परमजीत कौर (48) अपने पुत्र प्रभुजोत के साथ फार्म पर गई थीं। प्रभुजोत खेत पर इंजन स्टार्ट करने चला गया। वह गांव के ही मजदूर अजयपाल उर्फ छोटू ( 30 ) से फार्म की चारदीवारी के बाहर क्यारी की सफाई करा रही थीं। सुबह 9 बजे फार्म हाउस की 9 इंच मोटी दीवार भरभराकर गिर गई। दोनों दीवार के मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर प्रभुजोत और आसपास खेतों पर मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। छोटू को लोग अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय और नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने लेखपाल हमजुद्दीन के साथ घटना का मौका मुआयना किया। एसडीएम ने बताया कि जांच के बाद आहत परिवारों को आपदा राहत कोष के तहत सहायता दिलाई जाएगी। अजयपाल के परिवार में पत्नी, चार बेटी और एक बेटा है। उसके जमीन नहीं है। एसडीएम ने मदद दिलाने का आश्वासन दिया हैं। वहीं सर्वजीत सिंह की एक बेटी आस्ट्रेलिया में रह रही है। परिवार ने सर्वजीत का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। मजदूर अजय पाल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

संबंधित समाचार