बरेली: बच्चे से कुकर्म और हत्या के आरोपी को पीट-पीट कर मार डाला
बरेली/आवंला, अमृत विचार। अलीगंज में साढ़े तीन महीने पहले 4 वर्ष के बच्चे का अपहरण कर कुकर्म और हत्या के मामले में फरार आरोपी की बुधवार को लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया था। पुलिस ने इस मामले में पिटाई करने वालों के …
बरेली/आवंला, अमृत विचार। अलीगंज में साढ़े तीन महीने पहले 4 वर्ष के बच्चे का अपहरण कर कुकर्म और हत्या के मामले में फरार आरोपी की बुधवार को लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया था। पुलिस ने इस मामले में पिटाई करने वालों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अलीगंज में इसी तरह की वारदात एक बच्ची के साथ भी हुई थी। इसके अलावा भमोरा में भी एक बच्चे के साथ इसी तरह से वारदात को अंजाम दिया गया था। सिरौली में भी इसी तरह की वारदात हुई थी जिसका अभी तक खुलासा भी नहीं हो सका था। बता दें कि अलीगंज के ढकिया में 4 वर्षीय मासूम का शव 13 जुलाई को कड़े राम के खेत में मिला था।
पीएम रिपोर्ट में मासूम के साथ कुकर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई थी। वादी ने दूर के रिश्तेदार बिशारतगंज महतिया डांडी निवासी प्रेमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से आरोपी फरार चल रहा था। बुधवार को बच्चे के पिता को सूचना मिली कि प्रेमपाल खड़गपुर स्थित ईंख के खेत में बैठा है। उन्होंने प्रेमपाल को पकड़ लिया। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई।
इसमें कुकर्म का आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को पहले सीएचसी ले जाया गया। इसके बाद बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही कुकर्म के आरोपी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
वर्जन—
बच्चे के साथ कुकर्म करने का आरोपी फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपए इनाम घोषित किया गया था। बुधवार को गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
