गोंडा में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, पति पर हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परसपुर/गोंडा, अमृत विचार: परसपुर थाना क्षेत्र के मरजादपुरवा चरहुवां गांव में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है और घटना की छानबीन में जुट गयी है‌।  

परसपुर थाना क्षेत्र के मरजादपुरवा चरहुवां गांव के रहने वाले रणविजय गोस्वामी उर्फ रिंकू की शादी रुक्मिणी के साथ हुई थी। वह घर की दूसरी मंजिल पर रहती थी। रुक्मिणी की जेठानी अनीता ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह घर की छत पर कपड़ा सुखाने गयी तो देखा रुक्मिणी का शव उनके कमरे में साड़ी के फंदे से लटक‌ रहा था। उसने भागकर घर वालों को सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। इसी बीच सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले भी रोते बिलखते पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी उमेश्वर प्रभात सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी है। कार्रवाई की जा रही है‌।

संबंधित समाचार