सरयू में क्रूज चलाने की कवायद तेज : जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष पहुंचे अयोध्या, किया जल मार्ग का निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अधिकारियों के साथ की बैठक, जल परिवहन जल्द शुरू करने की प्रयास

अयोध्या, अमृत विचार: सरयू नदी में क्रूज चलाने की कवायद तेज हो गई है। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय कुमार गुरुवार को अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने इलेक्ट्रिक कैटामरान से जल मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ बैठक करके इस पर चर्चा की। 

जलमार्ग के निरीक्षण और बैठक के पहले पत्रकारों से बातचीत में पतन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के अध्यक्ष कुमार ने बताया कि सरयू नदी में जलमार्ग के विकास को लेकर प्रयास किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि देश में जल मार्ग तेजी से विकसित हों, कार्गो और यात्रियों की आवाजाही बढ़े। इसी के मद्देनजर अयोध्या जल मार्ग की व्यवस्था व सरयू जलमार्ग का सर्वे किया जाएगा। नदी में ड्रेजिंग करके पानी की मात्रा बढ़ाई जाएगी। जिससे अधिक से अधिक जलवाहन इसमें चल सकें।

कहा कि प्रदूषण न हो इसके लिए नदी में विद्युत चालित वहन लाने का प्रयास होगा। इसको लेकर संस्था आईएडब्ल्यूआई और उत्तर प्रदेश की पर्यटन विभाग के बीच एमओयू हुआ है। क्रूज का संचालन पर्यटन विभाग कराएगा। टेंडर प्रक्रिया जारी कर दी गई है। अक्टूबर के अंत तक इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आरटीओ ऋतु सिंह को अधिकार दिए गए हैं कि वह जल मार्ग को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाएं। इसके बाद मंडलायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में अयोध्या में गुप्तारघाट से नयाघाट तक जलयान संचालन, पंजीयन, सर्वे पर चर्चा की गई।

अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश सरकार का संयुक्त प्रयास है कि अयोध्या को बेहतर जल परिवहन सुविधा जल्द से जल्द मिले, पर्यटन बढ़े। बताया कि सितम्बर 2023 में एमओयू में साइन किया जा चुका है। ड्रेजिंग का कार्य जल्द शुरू करने का सिंचाई विभाग को निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह और उपाध्यक्ष एडीए अश्विनी कुमार पांडेय ने जलयान संबंधी प्रगति के बारे में जानकारी दी। आरटीओ ऋतु सिंह ने बताया कि भारत सरकार से लाईगई नियमावलियों को उत्तर प्रदेश के परिप्रेक्ष्य में तैयार किया जा रहा है। बैठक में अपर नगर आयुक्त नगर निगम, मुख्य अभियंता स्टेट वाटर ट्रांसपोर्ट एके मिश्रा, पर्यटन निगम, सिंचाई विभाग आदि के अधिकारी मौजूद थे

संबंधित समाचार