Haryana Election Results: शुरूआती रुझानों में भाजपा को झटका, कांग्रेस को बड़ी बढ़त, लाडवा से सीएम सैनी आगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़, 8 अक्टूबर। हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से कुछ सींटों पर आगे है। मतगणना से संबंधी कुछ रिपोर्ट के अनुसार, डाक मतपत्रों की गिनती के अनुसार कांग्रेस 26 सीटों पर और भाजपा 21 सीटों पर आगे है। 

कुरुक्षेत्र जिले में लाडवा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे हैं, जबकि रोहतक जिले के गढ़ी सांपला-किलोई निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि मतगणना स्थलों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 

कई ‘एग्जिट पोल’ (चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों) ने हरियाणा में कांग्रेस की जीत का अनुमान लगाया है। हालांकि, भाजपा ने दावा किया है कि वह राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटेगी। हरियाणा में 67.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव मैदान में मुख्य पार्टियां भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) - बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) - आजाद समाज पार्टी (आसपा) हैं। 

हालांकि, ज्यादातर सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। हरियाणा की 90 सीट पर 464 निर्दलीय और 101 महिलाओं समेत कुल 1,031 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी सीट पर पांच अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान हुआ था।  

यह भी पढ़ें:-Haryana-JK Election Results: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में मतगणना शुरू, जुलाना सीट से विनेश फोगाट आगे

संबंधित समाचार