बरेली: रेलवे बनाएगा ग्रीन और ब्राउन फील्ड, व्यापारियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
बरेली,अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल लगातार व्यापारियों को लाभ देने के लिए योजनाएं बना रहा है। हाल ही में इज्ज्तनगर मंडल ने ग्रीन और ब्राउन फील्ड बनाने का फैसला लिया है। इसके तहत कई स्टेशनों पर नए गुड्स शेड बनाए जाएंगे तो कुछ स्टेशनों पर पुराने बने गुड्स शेड को मॉडिफाई किया जाएगा। …
बरेली,अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल लगातार व्यापारियों को लाभ देने के लिए योजनाएं बना रहा है। हाल ही में इज्ज्तनगर मंडल ने ग्रीन और ब्राउन फील्ड बनाने का फैसला लिया है। इसके तहत कई स्टेशनों पर नए गुड्स शेड बनाए जाएंगे तो कुछ स्टेशनों पर पुराने बने गुड्स शेड को मॉडिफाई किया जाएगा।
इज्जतनगर मंडल के डीआरएम आशुतोष पंत ने बताया कि रेलवे ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट के तहत दोहना, भोपतपुर, बीसलपुर समेत कई अन्य स्टेशनों पर नए गुड्स शेड तैयार करने जा रहा है। जिन स्टेशनों पर पुराने गुड्स शेड थे उन्हें अब ब्राउन प्रोजेक्ट के तहत मॉडिफाई किया जाएगा। इसके लिए निजी कंपिनयों को टेंडर सौंपा गया है। इनमें से अधिकांश पर कंपनियों ने काम भी शुरू कर दिया है।
आशुतोष पंत बताते हैं कि इन प्रोजेक्ट से मंडल के व्यापारियों को काफी लाभ मिलने वाला है। व्यापारियों को दूसरे राज्यों में भी माल भेजने में कोई समस्या नहीं होगी। वह आसानी से माल भेज सकते हैं।
ग्रीन फील्ड के लिए पीपीई मॉडल पर होगा कार्य
ग्रीन फील्ड बनाने के लिए जिन कंपनियों को टेंडर दिया जाएगा वे सभी पीपीई मॉडल पर कार्य करेंगी। रेलवे केवल उन कंपनियों के लिए जमीन मुहैया कराएगा। बाकी गुड्स शेड बनाने से लेकर सड़कें, लाइटें, प्लेटफार्म समेत अन्य तमाम चीजें तैयार करने तक सभी कार्य कंपनियों को खुद ही करके देने होंगे। भोजीपुरा, दोहना, भोपतपुर के साथ ही साथ काशीपुर, रुद्रपुर, बहेड़ी, बिलासपुर, उझानी, बाजपुर और फर्रुखाबाद में भी नए गुड्स शेड बनेंगे। इसके बाद यहां से भी व्यापारियों का माल लोड होना शुरू हो जाएगा।
