बरेली: बकाया बिल जमा नहीं करने पर 30 उपभोक्ताओं पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लगातार सख्ती के बाद भी जिले के बिजली उपभोक्ता अपना बकाया बिल जमा नहीं कर रहे हैं। इससे लाइन लॉस कम करने में अधिकारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विजिलेंस टीम ने धंतिया गांव में छापा मारकर 10 हजार से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन काटकर 30 उपभोक्ताओं के …

बरेली, अमृत विचार। लगातार सख्ती के बाद भी जिले के बिजली उपभोक्ता अपना बकाया बिल जमा नहीं कर रहे हैं। इससे लाइन लॉस कम करने में अधिकारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विजिलेंस टीम ने धंतिया गांव में छापा मारकर 10 हजार से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन काटकर 30 उपभोक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

टीम के छापेमारी अभियान से बिजली के बड़े बकायेदारों में हड़कंप मचा रहा। कुछ लोगों ने कनेक्शन कटने की नौबत आने पर मौके पर ही बिल जमा कर दिया।

ऊर्जा मंत्री पंडित श्रीकांत शर्मा के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में बिजली का लाइन लॉस कम करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसे लेकर अधिकारियों ने ऐसे 30 हजार उपभोक्ताओं को चिह्नित किया है जिन पर करीब 54 करोड़ रुपये का बिजली का बिल बकाया है। कई बार चेतावनी देने के बाद भी उपभोक्ता बिजली का बिल जमा नहीं करना चाह रहे थे।

बुधवार को विजिलेंस की टीम ने फतेहगंज पश्चिमी के चर्चित गांव धंतिया में 10 हजार से अधिक के बकायेदारों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इसमें बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। कनेक्शन कटने की नौबत आई तो कुछ उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया बिल जमा कर दिया।

विजिलेंस प्रभारी उदयप्रताप सिंह ने बताया कि 30 लोगों के कनेक्शन काटकर उनके खिलाफ विजिलेंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। लाइन लॉस कम करने के लिए टीम की ओर से आगे भी अभियान जारी रहेगा।

संबंधित समाचार