जालौन में शादी के बाद जेवर, नगदी लेकर दुल्हन फरार...पति से लड़ती थी, साथियों को घर बुलाकर हो गई फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जालौन, अमृत विचार। डकोर कोतवाली क्षेत्र में शादी के बाद दुल्हन अपने साथियों के साथ जेवर व नगदी लेकर फरार हो गई। आधार के जरिए पोल खुलते ही ससुरालियों ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

कस्बा डकोर निवासी देवेंद्र ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार को शिकायती पत्र दिया। जिसमें बताया कि उसकी शादी आटा थाना क्षेत्र के चमारी गांव निवासी एक युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही वह उससे लड़ाई झगड़ा करने लगी। बताया कि बीती 4 अक्टूबर को उसकी पत्नी के कुछ साथी घर आए और घर में रखी नगदी व जेवर लेकर चले गए और उन्हीं के साथ उसकी पत्नी भी चली गई। 

पीड़ित के पिता ने बताया कि उन्होंने जब उसका आधारकार्ड चैक किया, तो उसमें वह दूसरी जाति की निकली। साथ ही उसके पति का नाम भी आधार कार्ड में था। जिससे उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला। लुटेरी दुल्हन के कारनामों की पोल खुलते ही गांव में अफरातफरी मच गई और पीड़ित शिकायत लेकर एसपी की चौखट पर पहुंच गया। फिलहाल एसपी ने उसे जांच पड़ताल कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

ये भी पढ़ें- IIT Kanpur में PhD स्टूडेंट ने की आत्महत्या: सुसाइड नोट बरामद, इसका किया जिक्र...

संबंधित समाचार