बरेली: सेंट्रल जेल से सजायाफ्ता कैदी फरार, पुलिस और जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

कृषि फार्म पर ले जाने के दौरान फरार हुआ सजायाफ्ता कैदी

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के जिला बरेली स्थित सेंट्रल जेल से कैदी फरार होने में कामयाब हो गया। गुरुवार को हुई इस घटना ने जेल के अंदर से लेकर बाहर तक हड़कंप मचा दिया है। बरेली पुलिस उसकी तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। रास्तों से लेकर गली-शहर तक छानबीन की जा रही है। उधर, घटना के बाद से केंद्रीय कारागार में हलचल बढ़ गई है।

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी के खनी निवादा गांव निवासी 46 वर्षीय हरपाल पुत्र तिलक राम सेंट्रल जेल में बंद था। वह उम्रकैद की सजा काट रहा था। बताते हैं कि गुरुवार को इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से पास के ही एक कृषि फॉर्म पर ले जाया गया था। वहां से मौका देखकर हरपाल फरार हो गया। इस खबर ने जेल प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं और अब उसकी तलाश में पुलिस पूरे इलाके को छानने में जुटी है। 

कैदी दिखे तो दें पुलिस को सूचना
कैदी को जेल से बाहर एक कृषि फॉर्म पर ले जाने के बाद उसके फरार होने से अधिकारियों की सांसें अटक गई हैं। पुलिस फरार कैदी हरपाल का फोटो जारी करते हुए, उसकी सूचना देने की अपील की है। बरेली की सेंट्रल जेल काफी पुरानी है और चाहरदीवारी को भेदना लगभग नाममुकिन है। लेकिन कैदी को जेल से बाहर ले जाने पर यहां जेल प्रशासन को गच्चा मिला है। बहरहाल, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और खबर लिखे जाने तक अभी हरपाल के संबंध में कोई सूचना सामने नहीं आई है।

संबंधित समाचार