आटम फेयर: खूबसूरत दस्तकारी ने मोह लिया बायर्स का मन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शेर की आकृति के साथ तैयार किया गया फर्नीचर, पीतल के लैंप, सूर्य की आकृति के साथ तैयार दीपक। ये वे उत्पाद हैं, जिन्होंने पहले दिन से ही अपनी छाप छोड़नी शुरू कर दी। अपने आकर्षण के बल पर बायर्स को आकर्षित करने में सफल हुए। दस्तकारों द्वारा तैयार की गई उनकी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। शेर की आकृति के साथ तैयार किया गया फर्नीचर, पीतल के लैंप, सूर्य की आकृति के साथ तैयार दीपक। ये वे उत्पाद हैं, जिन्होंने पहले दिन से ही अपनी छाप छोड़नी शुरू कर दी। अपने आकर्षण के बल पर बायर्स को आकर्षित करने में सफल हुए। दस्तकारों द्वारा तैयार की गई उनकी खूबसूरती देखते ही बन रही थी।

बायर्स की एक नजर इस पर पर पड़ी तो पूरी कैटलॉग उसने डाउनलोड कर ली। अमेरिका, यूरोप सहित कई देशों के बायर्स भारतीय उत्पाद, खासतौर पर पीतल की चमक से प्रभावित हो रहे हैं। वर्चुअल फेयर में जो नजारा डिजिटल में नजर आ रहा, उससे निर्यातक बेहद उत्साहित हैं।

  • खूबसूरत उत्पादों की कैटलॉग की डाउनलोड, उत्पादों की जानी खूबियां
  • वर्चुअल फेयर में विदेशी कारोबारियों की खूब दिखने लगी दिलचस्पी
  • ऑटम फेयर में यूरोप, अमेरिका के बायर्स सबसे ज्यादा दिखा रहे रुझान


ऑटम फेयर का गुरुवार को दूसरा दिन था। इस दिन अमेरिका, यूरोप, इटली, जापान आदि कई देशों के बायर्स वर्चुअल फेयर से जुड़े। ऑनलाइन उन्होंने निर्यातकों के स्टॉल चेक किए। जो लिंक, उनके मोबाइल पर मैसेज किए गए थे। उसमें उन्होंने क्लिक किया तो स्टॉल का सीधा प्रसारण उनकी स्क्रीन पर आ गया। उत्पाद जब निर्यातक को नजर आया तो चेहरे पर मुस्कान छा गई। इससे भी अच्छी बात यह रही कि उत्पादों की जानकारी के लिए बायर्स ने खूब दिल चस्पी दिखाई

निर्यातक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि उत्पादों पर रजवाड़ों के जमाने में जो आकृतियां प्रयोग की जाती थी, उनका इस बार काफी चलन दिखा है। बायर्स को यह पसंद भी आ रहे हैं। खासतौर पर पीतल के लैंप, जिसमें सूर्य की आकृति है, इसी आकृति के साथ दिए, फर्नीचर में शेर की आकृति, पर्दों, चादर में भी रजवाड़ों के समय का लुक दिया गया है। ज्यादातर स्टॉल में जो उत्पाद हैं, उनमें भारतीय परंपरा का खूब झलक रही है। गर्व करने वाली बात यह है कि यह बायर्स को पसंद भी आ रही है। हालांकि निर्यातकों ने नए साल, क्रिसमस, वेलेंटाइन डे को भी ध्यान में रखते हुए गिफ्ट तैयार किए हैं। बायर्स का कैटलॉग डाउनलोड करना, उत्पादों के बारे में पूछताछ करना और बिजनेस डील करना निर्यातकों के लिए उत्साह का पल रहा।

लुभा रहे सेंटा क्लॉज और क्रिसमस ट्री
दस्तकारों ने सेंटा क्लॉज की मूरत को इतनी बारीकी और खूबसूरती के साथ बनाया है कि बायर्स की जैसे ही नजर उस पर पड़ रही है, वह उसको निहारने लग जाता है। ईपीसीएच के पूर्व उपाध्यक्ष नवेद उर रहमान ने बताया कि क्रिसमस को ध्यान में रखते हुए इस त्योहार से जुड़े कई उपहार तैयार किए गए। इसमें सेंटा क्लॉज की तरह-तरह की आकृति के साथ ही बच्चों को टॉफी बांटते सेंटा क्लॉज, नाचते सेंटा क्लॉज, क्रिसमस ट्री, ट्री के साथ सेंटा क्लॉज, गॉड ईसा मसीह की प्रतिमा, लॉकेट काफी संख्या में और डिजाइन के साथ तैयार किए गए हैं। बायर्स ने भी इन उत्पादों को लेकर काफी बिजनेस डील किया।

ईपीसीएच महा निदेशक राकेश कुमार ने कहा कि डिजिटल रूप में यह दूसरा फेयर है। वर्चुअल में फेयर में निर्यातकों में काफी उत्साह है और बायर्स भी खूब दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पहले दिन से ही अच्छे संकेत देखने को मिले हैं। परिणाम अच्छा होगा, ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है।

संबंधित समाचार