Etawah: सपा नेता शिवपाल बोले- BJP को सत्ता से हटाने के लिए शुरू करेंगे नई क्रांति, इस बात को लेकर भाजपा पर खूब बरसे...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सैफई (इटावा), अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की दमनकारी भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने लिए समाजवादी पार्टी जयप्रकाश नारायण की संपूर्ण क्रांति की तरह नई क्रांति चलाने पर विचार कर रही है। जल्द ही इसकी शुरुआत की जाएगी। यादव सैफई में पत्रकारों से बात कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ में जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को माल्यार्पण करने से रोकना दमनकारी कदम है, जिसे कहीं से भी न्यायोचित नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर माल्यार्पण के लिए रोककर भारतीय जनता पार्टी और पुलिस ने दमन चक्र चलाया है, अगर मूर्ति पर माल्यार्पण हो जाता तो महापुरुष का सम्मान ही होता। 

यादव ने कहा कि आज जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर समाजवादियों को माल्यार्पण करना था, लेकिन भाजपा की प्रदेश सरकार ने पुलिस के दम पर माल्यार्पण करने से रोक दिया, जो भाजपा की दमनकारी नीति का द्योतक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महापुरुषों का भी सम्मान नहीं करने देना चाहती है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भारतीय जनता पार्टी को हटाने के लिए अब नई क्रांति चलानी होगी।

 

संबंधित समाचार