दिवाली में सोलर लाइट से रोशन होंगे 88 गांव, नगर निगम ने शुरू की कवायद 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: नगर निगम में शामिल 88 गांव सोलर लाइट से रोशन होंगे। नगर निगम दिवाली से पहले यहां की सड़कों और गलियों में 616 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाएगा। इन लाइटों से नगर निगम का बिल भी बचेगा और बिजली कनेक्शन की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। मार्ग प्रकाश विभाग ने इसको लेकर काम शुरू कर दिया है। यूपी नेडा के माध्यम से 15 दिनों में लगभग 400 स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। एक हफ्ते में शेष 216 स्ट्रीट लाइटें भी लगा दी जाएंगी। इसके अलावा चौराहों को जगमग करने के लिए 30 हाईमास्क लाइटें भी लगाई जाएंगी। सोलर स्ट्रीट लाइटें लगने से बिजली बिल भी बचेगा, साथ ही लाइट जाने पर भी स्ट्रीट लाइटें बंद नहीं होंगी।

प्रत्येक वॉर्ड में 25-25 स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी
नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में दिवाली से पहले 25-25 स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी है। दिवाली से पहले मार्ग प्रकाश विभाग स्ट्रीट लाइटें लगा देगा। महापौर सुषमा खर्कवाल ने सदन में पार्षदों को 25-25 स्ट्रीट लाइटें देने का प्रस्ताव पास किया था। पार्षद लगातार वार्ड में स्ट्रीट लाइट न होने से अंधेरा होने की शिकायत करते थे। मार्ग प्रकाश विभाग 110 वार्डों में कुल 2750 स्ट्रीट लाइटें लगाएगा।

प्रतिदिन 1,000 खराब स्ट्रीट लाइटें कराई जा रहीं रिपेयर
महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर दिवाली से पहले शहर का अंधेरा दूर करने की नगर निगम ने पहले से तैयारी कर ली है। इसके लिए शहर की खराब स्ट्रीट लाइटें रिपेयर कराने का काम मार्ग प्रकाश विभाग ने शुरू कर दिया है। नगर निगम का दावा है कि शहर में लगभग 2.25 लाख स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। प्रतिदिन लगभग 1,000 खराब स्ट्रीट लाइटें सही कराई जा रही हैं।

दिवाली में सोलर लाइट से रोशन होंगे 88 गांव, नगर निगम ने शुरू की कवायद 

शहर के प्रमुख चौराहों को झालरों से सजाएगा नगर निगम
दिवाली पर नगर निगम का मार्ग प्रकाश विभाग शहर के प्रमुख चौराहों को झालरों से सजाएगा। इनमें कालीदास मार्ग चौराहा, विक्रमादित्य मार्ग चौराहा, लोहिया चौराहा और 1090 चौराहे पर रंगबिरंगी लाइटें और झालरों से सजावट की जाएगी। इसके अलावा नगर निगम मुख्यालय को भी सजाया जाएगा।

नगर निगम में शामिल 88 गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। 616 में से लगभग 400 लाइटें लगाई जा चुकी हैं। शेष एक सप्ताह में लग जाएंगी। चौराहों पर 30 हाई मास्क लाइट भी लगाई जाएंगी। दिवाली से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटें रिपेयर करा दी जाएंगी।
मनोज प्रभात, मुख्य अभियंता, विद्युत व यांत्रिक, नगर निगम लखनऊ

यह भी पढ़ेः शहर में 186.46 करोड़ से बनाई जाएंगी विश्वस्तरीय सड़कें

संबंधित समाचार