रामपुर:आधा अक्टूबर बीतने के बाद भी जारी गर्मी का सितम, तपन इस सप्ताह भी नहीं होगी कम

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मौसम वैज्ञानिक जता रहे इस सप्ताह 31 से 32 डिग्री तापमान रहने का अनुमान

रामपुर, अमृत विचार। आधा अक्टूबर बीत चुका है लेकिन, गर्मी का सितम कम नहीं हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो इस सप्ताह तापमान 31 से 32 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जबकि, न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री के बीच रहेगा। सोमवार की सुबह आर्द्रता 65 प्रतिशत रही जबकि, वायु वेग 5 किमी. प्रति घंटा रहा। पर्यावरणविद् डॉ. जागृति  मदान ढींगड़ा बताती हैं कि ग्लोबल वार्मिंग के चलते मौसम के मिजाज में बदलाव आ रहे हैं। सोमवार को आसमान में बादल आए लेकिन, बिन बरसे आगे बढ़ गए। समय रहते नहीं चेते तो आने वाले समय में मौसम के मिजाज बदल जाएंगे।

मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि 15 अक्टूबर तक मौसम की गर्माहट खत्म हो जाती थी और तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच रहता था। लेकिन इस वर्ष पारा 31 और 32 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम गरम रहने के कारण मच्छर खत्म नहीं हो पा रहे हैं, जिसके चलते लोग मच्छर जनित बीमारियों से जूझ रहे हैं। अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में 800 मरीजों की ओपीडी हुई। जबकि, अक्टूबर में मौसमी बीमारियां खत्म हो जाती हैं।  सितंबर के महीने में भी खूब गरमी रही और लोग गरम मौसम से जूझते रहे। मोहम्मद अहमद बताते हैं कि इस बार लगता है कि जाड़े नहीं आएंगे क्योंकि लोगों को उम्मीद थी कि अक्टूबर में मौसम खुशगवार हो जाएगा। लेकिन, अक्टूबर में भी मार्च अप्रैल जैसा मौसम है।  

मौसम का हाल
अधिकतम तापमान- 32 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 19 डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता- 65 प्रतिशत
वायु वेग-5 किमी. प्रति घंटा

जानिए क्या बोले मौसम वैज्ञानिक
कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ.  उदय प्रताप शाही ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में अगले 5 दिन मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। मौसम में अगले सप्ताह से बदलाव आने का अनुमान है। सोमवार की दोपहर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। एक सप्ताह तापमान 31 या 32 डिग्री रहने का अनुमान है।

संबंधित समाचार