लखीमपुर खीरी: सीडीओ का देसी अंदाज वायरल, किसान के साथ काटी धान की फसल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सीडीओ ने किसानों से की पराली न जलाने की अपील

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिले में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार का शुक्रवार को अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने किसान के साथ खेत में धान की फसल काटी। सीडीओ ने किसानों से पराली न जलाने की अपील भी की। 

दरअसल, सीडीओ शुक्रवार को तहसील सदर की ग्राम पंचायत अगरा में टीम के साथ धान की उत्पादकता जांचने गए थे। किसानों को धान काटते देख वह खुद दरांती लेकर फसल काटने में जुट गए। सीडीओ को धान काटते देख अफसरों ने वीडीओ बना ली, जो कुछ देर में ही वायरल होने लगी। सीडीओ का यह अंदाज देखकर लोग हैरान रह गए। इस दौरान सीडीओ ने किसान से बातचीत कर खेतीबाड़ी में आने वालीं समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। सीडीओ की मौजूदगी में टीम ने फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़ों को जुटाने के लिए धान की फसल कटाई की स्थिति का जायजा लिया। सीडीओ ने किसान राजेंद्र कुमार के धान के खेत में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 10-10-10 मीटर का समबाहु त्रिभुज का प्लॉट बनवाकर सीसीई एग्री एप के माध्यम से क्रॉप कटिंग कराई। फसल काटकर धान की तौल कराई। इस दौरान सीडीओ ने किसान के साथ मिलकर खुद भी दरांती से फसल की कटाई की। बाद में धान की तौल कराई गई। इसमें 21.44 किलोग्राम फसल प्राप्त हुई। 

ऑनलाइन फीडिंग के बारे में ली जानकारी
सीडीओ ने निरीक्षण के दौरान अपर सांख्यिकीय अधिकारी हर्षित मिश्र से फसल नपाई, कटाई, जीसीईएस एप्प पर ऑनलाइन फीडिंग आदि बिंदुओं की जानकारी ली। सीडीओ ने किसानों से फसलों का बीमा कराने और पराली न जलाने की भी अपील की है। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार सुनील कुमार, राजस्व निरीक्षक नेकी राम राना, लेखपाल कृष्ण कुमार सिंह समेत राजस्व टीम व ग्रामीण मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: लुटेरों ने बाइक सवार को मारी गोली, पत्नी के जेवर लूटकर भागे

संबंधित समाचार