वायनाड उपचुनाव: भाजपा ने प्रियंका गांधी के खिलाफ नाव्या हरिदास को मैदान में उतारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तिरुवनंतपुरम। भाजपा ने शनिवार को घोषणा की कि कोझिकोड नगर निगम की दो बार की पार्षद नाव्या हरिदास वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए राजग की उम्मीदवार होंगी। तेरह नवंबर को होने वाले उपचुनाव में हरिदास का मुकाबला कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाद्रा और भाकपा के सत्यन मोकेरी से होगा।

भाजपा ने विभिन्न राज्यों में उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें युवा महिला नेता हरिदास को वायनाड लोकसभा सीट के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हरिदास नगर निगम में भाजपा संसदीय दल की नेता के रूप में कार्य करती हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव भी हैं। वायनाड लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव इसलिए आवश्यक हो गया था, क्योंकि राहुल गांधी ने दो सीट से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने वायनाड की जगह रायबरेली सीट अपने पास रखने और वायनाड सीट छोड़ने का निर्णय किया।

इस बीच, भाजपा के प्रदेश महासचिव सी कृष्णकुमार पालक्काड विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, जहां पार्टी को जीत की काफी उम्मीद है। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल और कांग्रेस से निष्कासित डिजिटल मीडिया संयोजक पी. सरीन इस निर्वाचन क्षेत्र से क्रमशः कांग्रेस और माकपा के उम्मीदवार होंगे। भाजपा की सूची के अनुसार, चेलाक्कारा विधानसभा क्षेत्र से के. बालकृष्णन पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

पूर्व विधायक यू आर प्रदीप और पूर्व सांसद राम्या हरिदास उपचुनाव में चेलाक्कारा से क्रमशः माकपा और कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। पालक्काड और चेलाक्कारा विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव इसलिए आवश्यक हो गया, क्योंकि वहां से विधायक क्रमश: शफी परम्बिल और के. राधाकृष्णन इस वर्ष लोकसभा के लिए चुने गए हैं। 

यह भी पढ़ें:-झारखंड: संविधान सम्मान सम्मेलन में बोले राहुल गांधी- भाजपा कर रही है संविधान पर हमला

संबंधित समाचार