बरेली: मिलावटखोरों पर कार्रवाई शुरू, रस्क और बेसन सीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। खाद्य पदार्थों में मिलावट का खेल करने वालों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शनिवार से छापेमारी शुरू कर दी है। शनिवार को टीमों ने शहर व देहात के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर 19 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। एक जगह पर रस्क की …

बरेली,अमृत विचार। खाद्य पदार्थों में मिलावट का खेल करने वालों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शनिवार से छापेमारी शुरू कर दी है। शनिवार को टीमों ने शहर व देहात के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर 19 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।

एक जगह पर रस्क की पैकेजिंग में गड़बड़ी मिलने पर 50 हजार रुपये से अधिक की कीमत के 1260 रस्क के पैकेट सीज कर दिए। इसके अलावा परसाखेड़ा से करीब 27 हजार की कीमत का 419 किलो बेसन भी सीज किया गया। दैनिक ‘अमृत विचार’ एक सप्ताह से लगातार मिलावट के खेल को लेकर अभियान चला रहा है। इसके तहत लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त के आदेश पर अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्रा ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीमों को दीपावली को लेकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत शनिवार को खाद्य निरीक्षकों ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। हरगोविंद नगर में बजाज बेकरी में काफी संख्या में रस्क बनाए जा रहे थे लेकिन उसकी पैकेजिंग में पूरी डिटेल नहीं लिखी जा रही थी। बेकरी में गंदगी भी थी। यहां से 1260 रस्क के पैकेट सीज कर दिए गए। यहां से रस्क के दो सैंपल भी लिए गए।

इसके अलावा टीम ने संजय नगर, गोपाल नगर से शिव डेयरी से पनीर का एक नमूना, ग्रीन पार्क कॉलोनी गेट से मिश्रित दूध के तीन नमूने, 100 फुटा रोड स्थित बीएन मार्ट से मूंगफली और तिल ऑयल के 2 नमूने, सन सिटी विस्तार कॉलोनी से मिश्रित दूध का एक नमूना, फतेहगंज पश्चिमी में अमित गोयल किराना स्टोर से बेसन का एक नमूना, फतेहगंज पश्चिमी से मिश्रित दूध का एक नमूना, परसाखेड़ा में लक्ष्मी ट्रेडर्स से बेसन का एक नमूना लिया गया। यहां बेसन में गड़बड़ी की आशंका के चलते 419 किलो बेसन जब्त कर सीज किया गया। बेसन की कीमत 26816 रुपये बताई गई है।

डोहरा मोड़ पर पटेल डेयरी से पनीर का एक नमूना, एजाज नगर गौटिया में रजा डेयरी से देसी घी का एक नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

“दीपावली पर लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री मिले, इसे लेकर अभियान शुरू किया गया है। मिलावट करने वालों पर इसी तरह से कार्रवाई की जाएगी। दुकानों पर छापेमारी जारी रहेगी।” -धर्मराज मिश्रा, अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा विभाग

संबंधित समाचार