कानपुर में पार्षद का अनोखा अंदाज: नाले में उतरकर की सफाई, बोलीं- सीवर के पानी से बजबजा रहीं गलियां, लोगों का निकलना हुआ मुश्किल
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में सीवर भराव से परेशान महिला पार्षद शालू कनौजिया ने नाले में उतरकर सफाई की। मेट्रो के निर्माण के दौरान पुरानी सीवर लाइन ध्वस्त हुई। घरों के बाहर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। सीवर के पानी से बजबजा रही वार्ड 14 की गलियां। वार्ड 14 के जूही बंबुरहिया का पूरा मामला।
शहर के जूही इलाके में वार्ड 14 की महिला पार्षद शालू सुनील कनौजिया मेनहोल में सीढ़ी लगाकर उतर गई। उन्होंने बाल्टी से मेनहोल के गंदे पानी को निकाल कर बाहर फेंकना शुरू कर दिया। नाले से बाहर निकलकर उन्होंने बताया कि लगातार क्षेत्र में पहले सीवर के पानी से गंदगी हो रही है। गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
शिकायत के बाद भी समस्या का सामाधान नहीं हो सका। इस पर मुझे खुद ही आज सफाई करनी पड़ी। जब तक अधिकारी की समस्या का निवारण नहीं करेंगे, तब तक मैं इसी तरह सफाई करती रहूंगी। इसके बाद जरूरत पड़ी तो क्षेत्र की महिलाओं को लेकर भूख हड़ताल पर बैठ जाऊंगी।
