मुरादाबाद: अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनकी निशानदेही पर चोरी की चार बाइक व चार मोबाइल बरामद कर लिए हैं। हत्थे लगा गिरोह का मास्टर माइंड पहले भी वाहन व मोबाइल …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनकी निशानदेही पर चोरी की चार बाइक व चार मोबाइल बरामद कर लिए हैं। हत्थे लगा गिरोह का मास्टर माइंड पहले भी वाहन व मोबाइल चोरी करने के आरोप में जेल जा चुका है। पूछताछ में दोनों ने अपने शौक पूरा करने के लिए चोरी करने की बात कबूल की है।
शनिवार की रात सिविल लाइंस पुलिस गजल बार चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने एक बाइक सवार दो युवकों को रोका तो वह सकपका गए। बाइक के कागज भी नहीं दिखा सके। थाने लाकर जब पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बाइक चोरी की होने की बात कबूल ली। इसका खुलासा करते हुए सीओ सिविल लाइंस कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पकड़ गए आरोपी पुराना आरटीओ कार्यालय निवासी वसीम उर्फ किरकिला और नया गांव गौतमनगर निवासी अभिषेक हैं।
उन्होंने बताया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड वसीम उर्फ किलकिरा है, जो दो साल पहले भी बाइक व मोबाइल चोरी करने के आरोप में जेल जा चुका है। दोनों की निशानदेही पर चोरी की चार बाइक व मोबाइल बरामद किए गए हैं। सीओ सिविल लाइंस के अनुसार ज्यादातर यह लोग मोबाइल चोरी करते थे, लेकिन महंगे शौक पूरा करने के लिए चोरी के मोबाइल से मिलने वाली रकम कम पड़ जाती थी।
लिहाजा दोनों ने बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। चोरी की बाइक की नंबर प्लेट व चेचिस नंबर बदलकर बेच देते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
