जम्मू-कश्मीर: आतंकियों ने फिर की कायराना हरकत, UP के दो युवकों को मारी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में एक अन्य लक्षित हमले में शुक्रवार शाम को संदिग्ध आतंकवादियों ने उत्तर प्रदेश के दो प्रवासी श्रमिकों को गोली मारकर घायल कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने आज शाम मगाम इलाके में उत्तर प्रदेश के दो गैर-स्थानीय लोगों को गोली मार दी। हमले में दोनों घायल हो गये। 

अधिकारियों ने बताया कि दोनों घायलों की पहचान उस्मान मलिक और सोफियान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं, उन्हें श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने घटना के तुरंत बाद आतंकवादियों का पता लगाने के लिए अभियान शुरू कर दिया। गौरतलब है कि पिछले दो सप्ताह में कश्मीर में गैर-स्थानीय श्रमिकों पर यह चौथा लक्षित हमला है। शोपियां जिले में 18 अक्टूबर को बिहार के एक गैर स्थानीय व्यक्ति अशोक चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दो दिन बाद, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांदरबल जिले के गगनगीर इलाके में एक आतंकवादी हमले में एक स्थानीय डॉक्टर सहित एक निर्माण कंपनी के सात कर्मचारी मारे गए और पांच लोग घायल हो गए। इसी तरह पुलवामा जिले के त्राल इलाके के बटागुंड में 24 अक्टूबर को एक प्रवासी मजदूर को गोली मार दी गई थी।

यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट ने पुलिस को निडर और सक्षम बनाने की कही बात, जानिये क्यों

संबंधित समाचार