बरेली: इस साल नहीं दौड़ सकेंगी इलेक्ट्रिक बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे शहर को अभी इलेक्ट्रिक बसों की सवारी करने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। अभी तक चार्जिंग स्टेशन का कार्य तक शुरू नहीं हो सका है। शासन से मांगी गई रिपोर्ट में चार्जिंग स्टेशन का कार्य पूरा न होने की बात कही गई है। जब …


बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे शहर को अभी इलेक्ट्रिक बसों की सवारी करने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। अभी तक चार्जिंग स्टेशन का कार्य तक शुरू नहीं हो सका है। शासन से मांगी गई रिपोर्ट में चार्जिंग स्टेशन का कार्य पूरा न होने की बात कही गई है। जब तक कार्य पूरा नहीं होगा तब तक बसें भी नहीं आ पाएंगी।


कुछ समय पहले इलेक्ट्रिक बसों को चलाने के लिए नगर निगम से रिपोर्ट मांगी गई थी। जिन शहरों में चार्जिंग स्टेशन तैयार हो जाएंगे उन्हीं में बस चलाने की योजना है। इसे देखते हुए नगर निगम ने मिनी बाईपास रोड पर स्वाले नगर में भूमि चिह्नित कर निविदा प्रकिया पूरी कर ली लेकिन कार्य कराने में पिछड़ गया है। करीब 17 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का डीपीआर सीएनडीएस ने तैयार किया है।

चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 28 लाख रुपये की निविदा दी गई है। इसके तहत शहर के स्वाले नगर में बनने वाले चार्जिंग स्टेशन परिसर में ऑफिस और कंट्रोल रूम, ड्राइवर रेस्ट रूम, इलेक्ट्रिक सब स्टेशन, इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन पंप रूम, पार्किंग, वाशिंग गैलरी वर्कशॉप बनाया जाना है। जिम्मेदार अफसरों की सुस्त चाल से अभी तक यह प्रोजेक्ट अटका हुआ है।

इसके कारण बसों के संचालन में देरी हो रही है। इससे तस्वीर साफ है कि स्मार्ट सिटी में केन्द्र सरकार के ड्रीम प्रोजक्ट फास्टर एडॉप्शन एंड मैन्यूफैक्चरिंग हाईब्रिड एंड इलेक्ट्रिकल व्हीकल्स योजना को धरातल पर उतारने में लापरवाही से इस साल बसों का संचालन नहीं हो सकेगा। इसके लिए लोगों को जनवरी माह तक इंतजार करना होगा।

चार्जिंग स्टेशन की निविदा पूरी हो गई है। प्रयास है कि बहुत जल्द काम पूरा कर लिया जाए। इसके निर्माण होने के बाद बसों का संचालन शुरू हो सकेगा।- संजय सिंह चौहान, महाप्रबंधक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट

संबंधित समाचार