बरेली: बीमार पति को प्लेटफॉर्म तक छोड़ने को लेकर जंक्शन पर हंगामा
बरेली, अमृत विचार। लाकडाउन के बाद रेलवे ने प्लेटफार्म तक जाने के लिए सुरक्षा के इंतजाम कड़े कर दिए हैं। बिना कंफर्म टिकट के कोई भी व्यक्ति अब प्लेटफार्म तक नहीं जा सकता। इसे लेकर आए दिन जंक्शन पर टीटीई और यात्रियों के बीच हंगामा होता रहता है। ऐसा ही एक मामला रविवार रात को …
बरेली, अमृत विचार। लाकडाउन के बाद रेलवे ने प्लेटफार्म तक जाने के लिए सुरक्षा के इंतजाम कड़े कर दिए हैं। बिना कंफर्म टिकट के कोई भी व्यक्ति अब प्लेटफार्म तक नहीं जा सकता। इसे लेकर आए दिन जंक्शन पर टीटीई और यात्रियों के बीच हंगामा होता रहता है। ऐसा ही एक मामला रविवार रात को सामने आया जिसमें नौबत मारपीट तक पहुंच गई। जीआरपी कर्मियों ने मामला शांत कराया।
जीआरपी के मुताबिक, रविवार रात करीब 2:30 बजे एक महिला अपने बीमार पति के साथ जंक्शन पहुंची। उसके पति को स्पेशल ट्रेन (02430) से लखनऊ दवा लेने जाना था। जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार पर टीटीई ने महिला को रोका और कहा कि केवल उसका पति ही प्लेटफार्म तक जा सकता है क्योंकि उसी के नाम से आरक्षण है। यदि महिला को भी उसके साथ जाना है तो वह प्लेटफार्म टिकट लेकर आए। उसके बाद ही प्लेटफार्म तक जा सकती है। इसी बात पर हंगामा बढ़ गया। नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
महिला का कहना था कि उसका पति बीमार है इसलिए वह उसे ट्रेन में बैठाने के बाद ही यहां से जाएगी मगर टीटीई मानने को तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि उसके पति और टीटीई के बीच हाथापाई भी हो गई थी। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह राणा ने बताया कि टीटीई ने किसी भी कार्रवाई से मना किया था। इसलिए दोनों के बीच समझौता करा कर छोड़ दिया गया है।
