रुद्रपुर: वन विभाग ने दबोचे लकड़ी तस्कर, बरामद किए गिल्टे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। पीपल पड़ाव वन रेंज में वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दो लकड़ी तस्करों को दबोच लिया, जबकि दो भागने में सफल रहे। टीम ने मौके से चार बाइक व कई लकड़ी के गिल्टे भी बरामद किए हैं। आरोपियों पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी व उप प्रभागीय वनाधिकारी शशि देव के आदेश पर मिली सूचना के आधार पर पीपल पड़ाव के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम के नेतृत्व में सुरक्षा टीम ने ग्राम सेमल चौड़ में दबिश दी। टीम को देखकर बाइक सवार तस्कर पंकज पुरी भाग गया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सेमल चौड़ निवासी सागर सिंह और ठंडा नाला गदरपुर निवासी खलील हुसैन को दबोच लिया।

टीम ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त चार बाइकें व 27 गिल्टे खैर की लकड़ी के बरामद किए। इसके बाद टीम आरोपियों को लेकर वन रेंज कार्यालय ले आई। जहां उन्होंने वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार की सुबह न्यायालय के समक्ष पेश किया।

संबंधित समाचार