Barabanki News : बेखौफ चोरों ने तीन मकान और दुकान को बनाया निशाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार : असंद्रा थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला जारी है। बीती रात तीन मकान और एक दुकान से बेखौफ चोर नकदी समेत लाखों के कीमती सोने चांदी के आभूषण उठा ले गए। सूचना पर पुलिस ने मौके की जांच की।
थाना पुलिस की निष्क्रियता के चलते क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बेखौफ चोर एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम देते जा रहे हैं।

इसी क्रम में चोरों ने गुरुवार देर रात भौसिंहपुर मजरे दुल्लापुर गांव में तीन मकानों और एक दुकान को अपना निशाना बनाया। गांव निवासी बद्री प्रसाद के मकान में घुसकर चोर 22 हजार की नगदी और सोने चांदी के जेवरात बटोर ले गए। चोरों ने गांव के ही रामराज के मकान को अपना अगला निशाना बनाया। मकान में दाखिल हुए चोर करीब एक लाख दस हजार की नकदी और कीमती आभूषण बटोर ले गए। इसी रात गांव के ही रामहेत के मकान में घुसे चोर 40 हजार की नकदी और सोने चांदी के जेवर उठा ले गए।

इतना ही नहीं गांव के ही राहुल की किराना की गुमटी तोड़ डाली और नगदी समेत किराना का सामान उठा ले गए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एक ही रात हुई चोरी की इन वारदातों से पुलिसिया गश्त की पोल खुल गई है। चोरी की बढ़ती घटनाओं से ग्रामीण सहमे हैं। वहीं इस संबंध में इंस्पेक्टर असंद्रा जेपी सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही सभी घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Lucknow News : दो मिनट में तुम्हारी प्रधानी निकाल भेज दूंगा जेल...

संबंधित समाचार