बरेली: रिश्ते के दादा ने पांच साल की मासूम से किया दुष्कर्म
बरेली/आंवला, अमृत विचार। आंवला के एक गांव में रिश्तेदारी में दावत खाने पहुंचे अधेड़ रिश्तेदार ने पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को खिलाने के बहाने वह गांव से बाहर ले गया। आरोप है कि उसने शराब पी रखी थी। जब परिजन ढूंढ़ते हुए पहुंचे तो उसे बच्ची के साथ आपत्तिजनक …
बरेली/आंवला, अमृत विचार। आंवला के एक गांव में रिश्तेदारी में दावत खाने पहुंचे अधेड़ रिश्तेदार ने पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को खिलाने के बहाने वह गांव से बाहर ले गया। आरोप है कि उसने शराब पी रखी थी। जब परिजन ढूंढ़ते हुए पहुंचे तो उसे बच्ची के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। भागने के चक्कर में आरोपी घायल भी हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले युवक ने बताया कि उसकी बेटी की उम्र पांच साल है। रविवार को उसके चचेरे भाई की शादी की दावत थी। वह बच्ची समेत परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गया था। इस दौरान अलीगंज के खैलम का रहने वाला महेश भी आया था जो रिश्ते में बच्ची का दादा लगता है। रात 9 बजे परिवार के सभी सदस्य दावत खा रहे थे। इस बीच आरोपी बच्ची को खिलाने की बात कहकर कुछ देर लोगों से बातचीत करता रहा। इसके बाद वह बच्ची को जंगल में ले गया। वहां बच्ची से दुष्कर्म किया।
उधर, बच्ची व दादा को न पाकर परिवार वाले चिंतित हो गए। बच्ची को तलाशने के लिए वे जंगल की ओर निकल गए। इस बीच बच्ची ने रोते हुए आवाज लगाई। बच्ची के पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने भागने की कोशिश की। इस दौरान वह गिरकर घायल हो गया। बच्ची लहूलुहान हालत में मिली। परिवार वालों ने आरोपी की पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बच्ची के पिता की ओर से दुष्कर्म, अपहरण व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। सोमवार को पुलिस ने आरोपी का मेडिकल कराकर जेल भेज दिया है।
कई बार आ चुका था घर
आरोपी अक्सर रिश्तेदारी में आया करता था और बच्ची को खिलाया करता था लेकिन परिवार वालों को कभी उसकी हरकतें संदिग्ध नहीं लगीं। घटना का खुलासा होने के बाद तमाम रिश्तेदार व ग्रामीण हैरान रह गए। उन्होंने आरोपी को फांसी दिलाने तक की मांग कर डाली। वहीं, पुलिस का कहना है कि बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है।
बच्ची की बुआ ने दी जानकारी
शादी समारोह में बच्ची की बुआ भी शामिल हुई थी। आरोपी जब बच्ची को खिला रहा था तो बुआ पास में ही खड़ी थी। कुछ देर बाद जब उनके भाई ने बेटी के बारे में पूछा तो उन्होंने दादा के पास होने की बात कही। दादा भी जब नहीं दिखाई दिए तो घरवालों को चिंता सताने लगी। बच्ची की बुआ के बताए अनुसार उसका पिता बेटी को तलाशने जंगल में निकल पड़ा।
