कोल ब्लॉक नीलामी प्रक्रिया पूरी, 19 खदान नीलाम
नई दिल्ली। वाणिज्यिक खनन के लिए कोयला खदानों की नीलामी प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गयी। नीलामी के लिए कुल 38 कोयला खदानों को चिह्नित किया गया था लेकिन बोली सिर्फ 19 कोयला खदानों के लिए ही प्राप्त हुई। ये सभी 19 खदान नीलाम हो गये। कोयला ब्लॉक की नीलामी का सोमवार को सातवां और …
नई दिल्ली। वाणिज्यिक खनन के लिए कोयला खदानों की नीलामी प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गयी। नीलामी के लिए कुल 38 कोयला खदानों को चिह्नित किया गया था लेकिन बोली सिर्फ 19 कोयला खदानों के लिए ही प्राप्त हुई। ये सभी 19 खदान नीलाम हो गये। कोयला ब्लॉक की नीलामी का सोमवार को सातवां और आखिरी दिन था।
सोमवार को मात्र एक कोयला खदान छत्तीसगढ़ के गारे पाल्मा IV/7 कोयला खदान की नीलामी होनी थी। इस खदान के लिए आठ कंपनियों ने बोली लगायी थी लेकिन इसे हासिल शारदा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड ने किया। जिन 19 कोयला खदानों की नीलामी हुई है, उनमें से दो छत्तीसगढ़ के, पांच झारखंड के, आठ मध्य प्रदेश के, दो महाराष्ट्र के और दो ओडिशा के थे।
कोयला खदानों की नीलामी के दौरान सर्वाधिक आठ-आठ कंपनियों ने छत्तीसगढ़ के गारे पाल्मा IV/7 कोयला खदान और मध्यप्रदेश के गोटीटोरिया पूर्व तथा गोटीटोरिया पश्चिम कोयला खदान के लिए लगायी थी। छत्तीसगढ़ के गारे पाल्मा IV/7 कोयला खदान को शारदा एनर्जी ने और मध्यप्रदेश के दोनों खदानों गोटीटोरिया पूर्व तथा गोटीटोरिया पश्चिम को बोल्डर स्टोन मार्ट प्राइवेट लिमिटेड ने हासिल किया।
छत्तीसगढ़ के दूसरे खदान गारे पाल्मा IV/1 को जिंदल पावर लिमिटेड ने हासिल किया। नीलाम हुये झारखंड के पांच खदानों में से उरमा पहाड़ीटोला खदान को छह कंपनियों ने बोली लगायी थी और इसे अरविंदो रिएल्टी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड ने हासिल किया। इस कंपनी ने महाराष्ट्र के तकली-जेना-बेल्लोरा (उत्तर) और तकली-जेना-बेल्लोरा (दक्षिण) को भी हासिल किया। अडानी इंटरप्राइजेज ने झारखंड का गोंडुलपारा,हिंडाल्को इंडस्ट्रीज ने चकला, फेयरमाइन कार्बन्स प्राइवेट लिमिटेड ने राजहारा उत्तर (मध्य एवं पूर्वी), आंध्र प्रदेश मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड ने ब्रह्मडीहा खदान हासिल किया।
मध्यप्रदेश के नीलाम हुये आठ खदानों में से दो खदान गोटीटोरिया पूर्व तथा गोटीटोरिया पश्चिम को बोल्डर स्टोन मार्ट प्राइवेट लिमिटेड ने हासिल किया। इसके अलावा धिरौली को स्टारटेक मिनरल रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड, बांधा को ईएमआईएल मांइस एंड मिनरल्स रिसोर्सेज लिमिटेड, उरतन उत्तर और उरतन को जेएमएस माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड, शाहपुर पूर्व को चौगुल एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड तथा शाहपुर पश्चिम कोयला खदान को शारदा एनर्जी ने हासिल किया।
महाराष्ट्र के तकली-जेना-बेल्लोरा (उत्तर) और तकली -जेना-बेल्लोरा (दक्षिण) को अरविंदो लिमिटेड और मरकी मंगली II को याज्दानी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने हासिल किया। ओडिशा के राधिकापुर पश्चिम खदान को वेदांता लिमिटेड और राधिकापुर पूर्व को ईएमआईएल ने हासिल किया। नीलाम हुये 19 कोयला खदानों का कुल मिलाकर भूगर्भ भंडार 306.9 करोड़ टन का है और इनसे प्रतिवर्ष 6,636 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इन सभी खदानों में कुल मिलाकर 69,020 व्यक्ति काम करते हैं।
