मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनाव: 9 सीटें जीतने के साथ ही सत्तारुढ़ भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में मंगलवार को वोटों की गिनती में नौ सीटों पर विजय हासिल करने के साथ ही प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने 230 सदस्यीय सदन में साधारण बहुमत हासिल कर लिया। इसके साथ ही जारी मतगणना में भाजपा दस अन्य सीटों पर आगे चल रही है। …

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में मंगलवार को वोटों की गिनती में नौ सीटों पर विजय हासिल करने के साथ ही प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने 230 सदस्यीय सदन में साधारण बहुमत हासिल कर लिया। इसके साथ ही जारी मतगणना में भाजपा दस अन्य सीटों पर आगे चल रही है।

विधानसभा उपचुनाव के तहत 28 सीटों पर तीन नवंबर को मतदान हुआ था और मंगलवार 10 नवंबर को मतगणना हो रही है। वर्तमान में भाजपा के 107 विधायक हैं और नौ सीटों पर विजय हासिल करने के साथ ही भाजपा ने साधारण बहुमत के आंकड़े 116 को प्राप्त कर लिया है। 230 सदस्यीय सदन की वर्तमान में प्रभावी क्षमता 229 है। क्योंकि 28 सीटों पर उपचुनाव की घोषणा के बाद गत माह दमोह से कांग्रेस के विधायक राहुल लोधी विधानसभा से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गये।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने अब तक नौ सीटें – बमोरी, अशोक नगर, मुंगावली, अनूपपुर, सांची, मांधाता, नेपानगर, बदनावर और सुवासरा में जीत हासिल कर ली है। वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस ने अब तक ब्यावरा सीट पर विजय हासिल की है। इसके अलावा कांग्रेस के उम्मीदवार अन्य आठ सीटों पर आगे चल रहे हैं। मालूम हो कि इस साल मार्च और उसके बाद 25 कांग्रेसी विधायकों के त्यागपत्र देने से तथा तीन विधायकों के निधन होने से विधानसभा में 28 सीटें रक्ति हुई थी जहां उपचुनाव कराये गये हैं।

LIVE Updates:

शाम 6 बजे तक भाजपा छह पर विजयी, 13 पर आगे, कांग्रेस 9 पर आगे
शाम छह बजे तक हुयी मतों की गिनती के अनुसार भाजपा ने मांधाता, बामोरी, बदनावर, नेपानगर, मुंगावली और अशोकनगर सीटों पर विजय हासिल कर ली है। इसके अलावा 13 सीटों पर उसके प्रत्याशियों ने महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है। नौ सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे हैं। मुरैना विधानसभा सीट पर बसपा प्रत्याशी रामप्रकाश राजौरिया बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन अपरान्ह बाद वे पिछड़ गए। वहां अब कांग्रेस प्रत्याशी राकेश मावई आगे हो गए हैं।

मुरैना जिले में कुल पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, जिनमें से अब तीन पर कांग्रेस और दो पर भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। राज्य के तीन मंत्री ऐदल सिंह कंसाना (सुमावली), गिर्राज डंडोतिया (दिमनी) और इमरती देवी (डबरा) अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से पिछड़ते हुए नजर आ रहे हैं। कुल 12 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दाव पर लगी थी। शेष मंत्री या तो जीत चुके हैं या महत्वपूर्ण बढ़त बनाए हुए हैं।

4 बजे तक भाजपा एक पर विजयी, 19 पर आगे, कांग्रेस 7 पर आगे
मतगणना में मांधाता सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विजय दर्ज कराते हुए 19 सीटों पर महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है। वहीं कांग्रेस सात और एक सीट पर बसपा आगे चल रही है। चार बजे तक हुई मतों की गिनती के अनुसार मांधाता सीट पर भाजपा के नारायण पटेल ने कांग्रेस के उत्तमपाल सिंह को 22 हजार से अधिक मतों से शिकस्त देकर कांग्रेस से यह सीट छीन ली। इसके अलावा भाजपा 19 सीटों पर महत्वपूर्ण बढ़त बनाए हुए है। सात सीटों पर कांग्रेस आगे है और एक सीट मुरैना में बसपा प्रत्याशी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।

मुरैना में बसपा के रामप्रकाश राजौरिया दस हजार से अधिक मतों से भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह से आगे है। जौरा में भाजपा प्रत्याशी सूबेदार सिंह राजौधा कांग्रेस के पंकज उपाध्याय से 11 हजार से अधिक मतों से आगे हैं। अंबाह में भी भाजपा प्रत्याशी कमलेश जाटव कांग्रेस के सत्यप्रकाश सखबार से आगे हो गए हैं।

भाजपा 21, कांग्रेस छह और बसपा एक सीट पर आगे
वोटों की गिनती में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 21 सीटों पर, कांग्रेस छह सीटों पर तथा बसपा एक सीट पर आगे है। राज्य के दो मंत्री एदल सिंह कंषाना (सुमावली) और गिर्राज दंडोतिया (दिमनी) अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं।

मुरैना से बसपा के उम्मीदवार राम प्रकाश राजौरिया 3,029 मतों से आगे हैं। अब तक प्राप्त रुझानों में भाजपा के उम्मीदवार 21 सीटों पर आगे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार छह सीटों सुमावली, दिमनी, गोहद, करैरा, ब्यावरा और आगर विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं। इस उपचुनाव में प्रदेश सरकार के 12 मंत्री सहित कुल 355 उम्मीदवार मैदान में हैं। कोविड-19 महामारी के भय के बावजूद तीन नंवबर को हुए मतदान में कुल 70.27 फीसदी मतदान हुआ था।

मांधता में भजापा प्रत्याशी नारायण पटेल विजयी घोषित
मांधाता विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी नारायण पटेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उत्तमनारायण सिंह को 22 हजार से अधिक मतों से पराजित कर कांग्रेस से यह सीट छीन ली। मांधाता उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी पटेल को 80394 और कांग्रेस प्रत्याशी सिंह को 58265 मत मिले। इस तरह पटेल ने कांग्रेस को 22 हजार से अधिक मतों से पराजित कर कांग्रेस से यह सीट छीन ली। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में नारायण पटेल ही विजयी हुए थे, लेकिन उस समय उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। कुछ माह पहले उन्होंने विधायक पद से त्यागपत्र देकर भाजपा का दामन थाम लिया था और इस बार पटेल को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था।

भाजपा 20, कांग्रेस सात और बसपा एक सीट पर आगे
मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मंगलवार को हो रही वोटों की गिनती में भाजपा 20 सीटों पर, कांग्रेस सात सीटों पर तथा बसपा एक सीट पर आगे हैं। प्रदेश के तीन मंत्री एदल सिंह कंषाना (सुमावली), गिर्राज दंडोतिया (दिमनी) और ओपीएस भदौरिया (मेहगांव) अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं।

मुरैना से बसपा के उम्मीदवार राम प्रकाश राजौरिया 3,029 मतों से आगे हैं। अब तक प्राप्त रुझानों में भाजपा के उम्मीदवार 20 सीटों पर आगे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार सुमावली, दिमनी, अंबाह, गोहद, करैरा और ब्यावरा विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं।

17 सीटों पर भाजपा, नौ पर कांग्रेस तथा दो सीटों पर बसपा उम्मीदवार आगे
उपचुनाव के वोटों की गिनती में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी 17 सीटों पर, कांग्रेस नौ सीटों पर तथा बसपा दो सीटों पर आगे है। प्रदेश के तीन मंत्री एदल सिंह कंषाना (सुमावली), गिर्राज दंडोतिया (दिमनी) और ओपीएस भदौरिया (मेहगांव) अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं। मुरैना से बसपा के उम्मीदवार राम प्रकाश राजौरिया 3,029 मतों से तथा पोहरी सीट पर इसी पार्टी के कैलाश कुशवाह मात्र 47 मतों से आगे हैं।

अब तक प्राप्त रुझानों में भाजपा के उम्मीदवार 17 सीटों पर आगे चल रहे हैं। भाजपा की सबसे कम बढ़त डबरा सीट पर 312 मतों की जबकि सबसे अधिक बढ़त 17,283 मतों से बदनावर सीट पर बनी हुई है। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार सुमावली, दिमनी, अंबाह, मेहगांव, गोहद, भांडेर, करैरा, ब्यावरा और आगर विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं। इस उपचुनाव में प्रदेश सरकार के 12 मंत्री सहित कुल 355 उम्मीदवार मैदान में हैं। कोविड-19 महामारी के भय के बावजूद तीन नंवबर को हुए मतदान में कुल 70.27 फीसदी मतदान हुआ था।

रुझानों में भाजपा 18 और कांग्रेस 09 सीटों पर आगे
मतगणना के दौरान आज तीन घंटों में मिले रुझानों में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 18 और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस 09 सीटों पर आगे है। सुबह 11 बजे तक प्राप्त सूचनाओं के अनुसार एक अन्य सीट पर बसपा आगे है। सांवेर से पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रेमचंद गुड्डू से तीन दौर की मतगणना के बाद लगभग 7000 वोट से आगे हैं।

सुरखी से पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत भी बढ़त बनाए हुए हैं। हालाकि मुरैना जिले के सुमावली से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एेदल सिंह कंसाना कांग्रेस के अजब सिंह कुशवाह से और दिमनी में कृषि राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी गिर्राज डंडोतिया कांग्रेस के रवींद्र सिंह तोमर से पीछे हैं। मुरैना में बसपा प्रत्याशी रामप्रकाश राजोरिया और भांडेर से बसपा उम्मीदवार फूल सिंह बरैया भी मुकाबले में दिख रहे हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शुरूआत में डाकमतपत्रों की गिनती की जा रही है। 19 जिलों के 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान 03 नवंबर को हुआ था और कुल 63 लाख 67 हजार से अधिक मतदाताओं में से औसतन 70़ 27 प्रतिशत वोट डाले गए थे।

संबंधित समाचार