Lakhimpur Kheri: खीरी टाउन के दो घरों में घुसे चोर, बटोर ले गए नकदी समेत दो लाख के जेवर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना व कस्बा खीरी टाउन में सोमवार की रात चोर दो घरों में घुस गए। चोर नकदी समेत दो लाख के जेवर चोरी कर ले गए। एक ही रात दो वारदातों से पूरे नगर में हड़कंप मच गया। दोनों घटनाओं की तहरीर पुलिस को दी गई है। 

नगर के मोहल्ला बुखारी टोला निवासी सलाहुद्दीन ने बताया कि वह सोमवार की रात परिवार के साथ खाना खाकर सो गए थे। सुबह पांच बजे जब सोकर उठे तो देखा कि घर का सदर दरवाजा खुला था। इस पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। कमरों में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। 20 हजार रुपये, सोने के दो बुंदे, मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी और दो जोड़ी पायल गायब थी। 

उधर श्यामलालपुरवा निवासी सूफियान के घर घुसे चोर एक जोड़ी झुमकी, सोने के कुंडल, दो सोने के बुंदे और एक नथ चोरी कर ले गए। एक ही रात में चोरी की दो वारदातों से पूरे नगर में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: साइबर ठगों ने रिश्तेदार बनकर की 1.40 लाख की ठगी

संबंधित समाचार