मुरादाबाद: भाई ने गला दबाकर की थी अक्शा की हत्या, गिरफ्तार
मुरादाबाद,अमृत विचार। अक्शा की हत्या करने का मामला आनर किलिंग का निकला। उसके चाल-चलन से तंग आकर भाई ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी भाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। बोला कि अक्शा कई बार घर से फरार हो …
मुरादाबाद,अमृत विचार। अक्शा की हत्या करने का मामला आनर किलिंग का निकला। उसके चाल-चलन से तंग आकर भाई ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी भाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। बोला कि अक्शा कई बार घर से फरार हो चुकी थी, जिस कारण मोहल्ले में उसकी बदनामी हो रही थी। करीब एक माह पहले जब परिजन घर में नहीं थे तो उसने मौका पाकर हत्या कर दी। बाद में सभी से हार्ट अटैक से मौत होने की बात कहकर शव को दफन कर दिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।
आनर किलिंग का यह मामला नागफनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला किसरौल नीम के नीचे का है। प्रापर्टी डीलर व उसकी बेटी के हत्या के रहस्य से पर्दा उठाने में जुटी पुलिस को आनर किलिंग की जानकारी हुई। इसके बाद एक टीम का गठन कर पुलिस ने जांच शुरू की तो ब्लाइंड मर्डर केस की मिस्ट्री सुलझ गई। पुलिस ने अक्शा की हत्या के आरोप में उसके भाई तारिक को गिरफ्तार कर लिया।
कई बार घर से चली गई थी अक्शा
आनर किलिंग का खुलासा करते हुए सीओ हाईवे अनिल कुमार यादव ने बताया कि करीब तीन साल पहले अक्शा का निकाह सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी इरफान के साथ हुआ था। काफी समय से अक्शा अपने दो साल के बेटे जैद के साथ मायके में रह रही थी। बकौल सीओ, किसी दूसरे के साथ जाने के कारण ससुरालियों ने उसे घर पर रखने से इंकार कर दिया था। मायके में रहने के दौरान भी अक्शा का चाल-चलन ठीक नहीं था।
पांच-छह बार वह मायके से भी किसी के साथ जा चुकी थी, हालांकि बाद में आकर फिर घर में रहने लगती। उसकी हरकतों के कारण मोहल्ले वाले भाई तारिक को ताना देते थे। जिस कारण उसने हत्या करने का निर्णय लिया। बकौल सीओ 13 अक्टूबर को अक्शा के मायके वाले रिश्तेदारी में गए थे। घर में वह और भाई तारिक थे। बताते हैं कि उस दिन भी अक्शा ने किसी के साथ जाने का प्रयास किया तो गुस्से में आकर तारिक ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में परिजनों के आने पर उसने कह दिया कि हार्ट अटैक से अक्शा की मौत हुई है।
