लखीमपुर खीरी : बाघ ने पिंजड़े से निकलते ही लगाई तगड़ी दहाड़ और भाग गया जंगल

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

कतर्नियाघाट सेंचुरी में छोड़ा गया चौखड़ा फॉर्म में पकड़ा गया बाघ

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। दुधवा टाइगर रिजर्व के बफरजोन की मझगई वन रेंज के तहत चौखड़ा फार्म में पिंजड़े में कैद हुए बाघ को तीसरे दिन कतर्नियाघाट सेंचुरी ले जाया गया, जहां उसे जंगल में छोड़ दिया गया। अफसरों के मुताबिक पिंजड़े से निकलते ही बाघ ने दहाड़ लगाई और इसके बाद सीधे जंगल में भाग गया। इस दौरान मझगई रेंज के वन क्षेत्राधिकारी, कतर्नियाघाट सेंचुरी व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के अधिकारी मौजूद रहे।

बता दें कि वन रेंज मझगई के चौखड़ा फार्म पर वन विभाग के लगाए गए पिंजड़े में एक वयस्क बाघ मंगलवार की रात कैद हो गया था, जिसे पिंजड़े सहित वन रेंज परिसर मझगई में रखा गया था। बाघ को कहां छोड़़ा जाना है। इसको लेकर स्थानीय वन अफसर लखनऊ के उच्चाधिकारियों के आदेश का इंतजार कर रहे थे। दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन उत्तर खीरी वन प्रभाग के डीएफओ सौरीष सहाय ने बताया कि उच्चाधिकारियों का आदेश मिलने के बाद  वनाधिकारियों ने बाघ को सुबह बकरे के कुछ मांस के टुकड़े खिलाकर पानी दिया। इसके बाद उसे जिला बहराइच में स्थित कतर्नियाघाट सेंचुरी ले जाया गया। जहां सेंचुरी के अधिकारियों व डब्ल्यूडब्ल्यू एफ के अधिकारियों की  मौजूदगी में बाघ को जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। पिंजड़े से निकलते ही बाघ ने तेज दहाड़ लगाई और इसके बाद सीधे घने जंगल की ओर भाग गया।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: शीगढ़ में वन विभाग के पिंजड़े में कैद हुआ तेंदुआ

संबंधित समाचार