रामपुर : बिलासपुर में भाखड़ा वियर का होगा आधुनिकीकरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हिंग्ज ऑटोमेटिक गेट तकनीक का होगा प्रयोग, बिना विद्युत और बिना मैनपॉवर के संचालित होगा वियर 

बिलासपुर में इस ड्राइंग के आधार पर बनेगा आधुनिक भाखड़ा वियर।

रामपुर, अमृत विचार। तहसील बिलासपुर में भाखड़ा वियर के आधुनिकीकरण को लेकर शासन स्तर से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के प्रयास से भाखड़ा वियर पर उत्तर प्रदेश के पहले प्रोजेक्ट के तहत 10.56 करोड़ रुपये की लागत से टॉप हिंग्ज ऑटोमेटिक गेट बनाए जाएंगे, जो बाढ़ के दौरान नदी में जल स्तर बढ़ने पर स्वतः ही सक्रिय हो जाएंगे। 

राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने बताया कि भाखड़ा वियर से 2 नहरें निकलती हैं, जो हजारों हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि को सिंचाई से आच्छादित करती हैं। अत्याधुनिक तकनीक से लैस होने के बाद इस भाखड़ा वियर से निकलने वाली नहरों में जरूरत के अनुरूप पानी की उपलब्धता हो सकेगी। इसके परिणामस्वरूप किसानों को निर्बाध रूप से नहरों के माध्यम से सिंचाई की सुविधा मिलेगी।

अधिशासी अभियंता नहर खंड नवीन कुमार ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में आधुनिकीकरण कार्य पूरा होने के बाद भाखड़ा वियर बिना सेंसर, बिना विद्युत और बिना मैनपॉवर के सिर्फ पानी के दबाव से संचालित हो सकेगा। उत्तर प्रदेश में अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह पहला प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट पर 15 दिसंबर से कार्य शुरू करा दिया जाएगा। 15 जून 2025 तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें : रामपुर : मसवासी में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत

संबंधित समाचार