मुरादाबाद : 'सरकारें तो आती जाती रहती हैं, पद की गरिमा का ख्याल रखकर काम करें अधिकारी'
मुरादाबाद , अमृत विचार। कुंदरकी विधानसभा के उप चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान के प्रचार के लिए मुरादाबाद पहुंचे सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और बदायूं जिले के सांसद आदित्य यादव ने दिल्ली रोड स्थित होटल में प्रेसवार्ता की। दोनों भाजपा के साथ ही जिले के प्रशासनिक अधिकारियों पर जमकर बरसे। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल ने कहा कि भाजपा डरी हुई है। भाजपा के नेता प्रशासन के अधिकारियों पर दबाव बनाकर सपा के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लिखवाने का का काम रहे हैं। इसके बावजूद भी समाजवादी इंडिया गठबंधन प्रदेश की 9 सीटों पर जीतने जा रही है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकारी तंत्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारें तो आती जाती रहती हैं लेकिन अधिकारियों को अपने पद अपनी गरिमा का ख्याल रखते हुए कार्य करना चाहिए। जो मुसलमान भाजपा का दामन थामे हैं वो राजतंत्र के अनुयायी है। समाजवादी का एक एक कार्यकर्ता लोकतंत्र को मानने वाला है। कुंदरकी विधानसभा में सपा के प्रत्याशी की जीत के बाद 2027 के चुनाव में प्रदेश में भाजपा का रहना या न रहना भी तय हो जाएगा।
वहीं पत्रकारों से बात करते हुए सांसद बदायूं आदित्य यादव ने कहा कि कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव में जो अधिकारी सत्ता के दबाव में भाजपा की प्रत्याशी को जिताने में लगे हैं। उनके बारे में गंभीरता से सोचा जाएगा। इस तरह का चुनाव इतिहास में कभी नहीं हुआ जिसमें खुलेआम प्रशासनिक अधिकारी सत्ता पक्ष के दबाव में उसके प्रत्याशी को जिताने में लोगों पर झूठे मुकदमे, प्रधानों को प्रताड़ित करना, यहां तक की लोगों की वोटर आईडी कार्ड भी जब्त कर लेने का काम कर रहे हैं। यह प्रजातंत्र का हनन है। भारत निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। झांसी में अस्पताल में आग लगने से हुई घटना से झुलसे बच्चों को ऑक्सीजन नहीं मिलने पर कहा कि यह कोई नई घटना नहीं है। पहले भी प्रदेश की अस्पतालों में सरकार की व्यवस्था फेल रही हैं।
इस दौरान जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, पूर्व मंत्री व कांठ विधायक कमाल अख्तर, अमरोहा जिले के नौगांवा विधायक चौधरी समर पाल सिंह, बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम, जिलाध्यक्ष संभल असगर अली अंसारी, वरिष्ठ नेता विकास चौधरी आदि मौजूद रहे।
सपा छीनना चाहती है दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण
कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह के पक्ष में शनिवार को प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कई गांवों में पहुंचकर चौपाल में लोगों से संवाद किया। उन्होंने सपा पर हमला कर लोगों से सचेत किया। उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के मंत्री धर्मपाल सिंह ने ग्राम नगला हाशा, मसेवी व अन्य स्थानों पर चौपाल लगाकर क्षेत्रवासियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सपा दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण छीनना चाहती है। कुंदरकी की जनता ने सपा की इस तुष्टीकरण की राजनीति को पूरी तरह से नकार कर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का संकल्प लिया है। जनता का यह उत्साह इस बात का प्रतीक है कि कुंदरकी विधानसभा के इस उपचुनाव में भाजपा ऐतिहासिक बहुमत से जीत हासिल करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उन्होंने लोगों को भाजपा सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी दी। कहा कि कुंदरकी के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी की जीत जरूरी है।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद में बोले ब्रजेश पाठक, 'सपा-कांग्रेस ने सिर्फ वोट के लिए किया मुसलमानों का इस्तेमाल'
