बदायूं: शादी के तीन दिन बाद कपड़े और जेवर लेकर फरार दुल्हन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

13 नवंबर को रुद्रपुर के व्यक्ति ने कराई थी गांव भिंदुलिया प्लासी भगवान सिंह की शादी

विजय नगला, अमृत विचार। शादी के तीन दिन के बाद दुल्हन घर से कपड़े और जेवर लेकर फरार हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुल्हन और उसके साथी को पकड़ लिया। दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।

थाना बिनावर क्षेत्र के गांव भिंदुलिया प्लासी निवासी भगवान सिंह पुत्र रघुवीर ने बताया कि रुद्रपुर के एक व्यक्ति ने 13 नवंबर को उसकी शादी कस्बा बिनावर के एक मंदिर में कराई थी। सभी रस्मों के बाद दुल्हन घर पहुंच गई। जहां महिलाओं ने नई दुल्हन का स्वागत किया और रीति रिवाज के साथ सभी परंपराएं निभाईं। इसके बाद सभी परिवार के लोग खेतों पर काम करने चले गए थे। महिलाएं घर पर थीं। दुल्हन को कमरे में छोड़ दिया। भगवान सिंह गैस सिलेंडर लेने गए थे। शनिवार दोपहर लगभग चार बजे दुल्हन घर में रखे जेवर और कपड़े लेकर भाग गई। परिवार की महिलाओं की नजर उसके कमरे पर पड़ी तो कमरा खाली था। महिलाओं के होश उड़ गए और खेत पर काम कर रहे परिवार के लोगों को फोन करके सूचित किया। भगवान सिंह को भी फोन करके सूचित किया। वह गांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में दुल्हन एक बैग के साथ मिल गई। साथ ही उनकी शादी कराने वाला व्यक्ति भी था। भगवान से दोनों की कहासुनी हो गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि शिकायत मिली थी। महिला और उसके साथी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार