Bihar Election Result: राजग को पूर्ण बहुमत, राजद बनी सर्वाधिक सीटें हासिल करने वाली पार्टी
पटना। बिहार में सत्ता विरोधी लहर और विपक्ष की कड़ी चुनौती को पार करते हुए नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 243 सीटों में से 125 सीटों पर जीत प्राप्त कर बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया। भले ही राजग ने बहुमत हासिल किया है, लेकिन इस चुनाव में विपक्षी …
पटना। बिहार में सत्ता विरोधी लहर और विपक्ष की कड़ी चुनौती को पार करते हुए नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 243 सीटों में से 125 सीटों पर जीत प्राप्त कर बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया।
भले ही राजग ने बहुमत हासिल किया है, लेकिन इस चुनाव में विपक्षी ‘महागठबंधन’ का नेतृत्व कर रहा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 75 सीटें अपने नाम करके सबसे बड़ी एकल पार्टी के रूप में उभरा है। मतगणना के शुरुआती घंटों में बढ़त बनाती नजर आ रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 16 घंटे चली मतों की गिनती के बाद 74 सीटों के साथ दूसरा स्थान मिला। विपक्षी महागठबंधन ने कुल 110 सीटें जीतीं। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद के सर्वाधिक सीटें हासिल करने के बावजूद महागठबंधन बहुमत हासिल नहीं कर पाया।
राजग के बहुमत हासिल करने के साथ ही नीतीश् कुमार के लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की राह साफ हो गई है। हालांकि इस बार उनकी पार्टी जद(यू) को 2015 जैसी सफलता नहीं मिली है। जद(यू) को 2015 में मिली 71 सीटों की तुलना में इस बार 43 सीटें ही मिली हैं। उस समय कुमार ने लालू प्रसाद की राजद और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव जीता था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा समेत राजग पहले ही कुमार को मुख्यमंत्री पद का अपना उम्मीदवार घोषित कर चुका हैं। इसलिए भले ही कुमार की पार्टी का प्रदर्शन गिरा है, कुमार चौथी बार सरकार का नेतृत्व करेंगे। जद(यू) को चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के कारण काफी नुकसान झेलना पड़ा है। लोजपा को एक सीट पर जीत मिली, लेकिन उसने कम से कम 30 सीटों पर जदयू को नुकसान पहुंचाया।
भाजपा की 74 और जदयू की 43 सीटों के अलावा सत्तारूढ़ गठबंधन साझीदारों में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को चार और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को चार सीटें मिलीं। विपक्षी महागठबंधन में राजद को 75, कांग्रेस को 19, भाकपा माले को 12 और भाकपा एवं माकपा को दो-दो सीटों पर जीत मिली। इस चुनाव में एआईएमआईएम ने पांच सीटें और लोजपा एवं बसपा ने एक-एक सीट जीती है। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार जीतने में सफल रहा है। हालांकि जद(यू) की घटी हुई ताकत के बाद भाजपा मंत्रिपदों के बंटवारे में अधिक हिस्सा दिए जाने का दबाव बना सकती है।
महागठबंधन को मुस्लिम वोट बंटने का भी नुकसान हुआ। मुस्लिम वोट एआईएमआईएम, बसपा और आरएसएलपी समेत पार्टियों के बीच बंटने का लाभ राजग को मिला। असदुद्दीन आवैसी की एआईएमआईएम ने चुनाव में हैरान करते हुए पांच सीटों पर कब्जा किया और उसकी सहयोगी बसपा ने भी एक सीट पर जीत हासिल की। तेजस्वी यादव पिछले साल लोकसभा चुनाव में राजद के खाता भी न खोल पाने के बाद इस बार पार्टी को सर्वाधिक सीटें जीतने वाली पार्टी बनाने में कामयाब रहे।
मुख्य रूप से दो गठबंधनों के बीच हुए इस मुकाबले में वाम दलों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। भाकपा माले को 12 और उसके बाद भाकपा एवं माकपा को दो-दो सीटें मिली। निवर्तमान विधानसभा में भाकपा माले की तीन सीटों के अलावा सदन में वाम दलों की कोई मौजूदगी नहीं थी। तेजस्वी यादव और तेज प्रताप ने राघोपुर एवं हसनपुर सीटों पर क्रमश: 38,174 और 21,139 मतों के अंतर से शानदार जीत हासिल की।
नीतीश के आवास पर राजग की बैठक, आगे की रणनीति पर चर्चा
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन के उम्मीदवारों में कांटे की टक्कर के बीच आगे की रणनीति पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर राजग के बड़े नेताओं ने चर्चा की। इस बैठक में मुख्यमंत्री श्री कुमार के अलावा उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार मामलों के प्रभारी भूपेंद्र यादव, जदयू के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी समेत अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।
जहानाबाद जिले की तीन सीट पर राजग का सूपड़ा साफ, कृष्णनंदन वर्मा भी हारे
राजग के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के उम्मीदवार और शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा को जहानाबाद विधानसभा सीट पर महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव ने 33399 मतों के भारी अंतर से पराजित किया है। घोसी विधानसभा सीट पर जदयू के उम्मीदवार राहुल कुमार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के रामबली सिंह यादव ने 17804 वोट के अंतर से शिकस्त दी है। वहीं, मखदुमपुर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के दामाद एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के उम्मीदवार देवेंद्र कुमार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सतीश कुमार ने 21694 मतों के अंतर से शिकस्त दी है।
हसनपुर से जीते तेजप्रताप यादव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पुत्र तेजप्रताप यादव ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कब्जे वाली समस्तीपुर जिले की हसनपुर विधानसभा सीट पर जीत का परचम लहराया है। राजद प्रत्याशी तेजप्रताप यादव ने जदयू के राजकुमार राय को 21039 मतों के भारी अंतर से चित किया है। तेजप्रताप यादव को 80822 वोट मिले जबकि श्री राय 59783 मत ही हासिल कर पाए। 9864 वाेट पाकर जन अधिकार पार्टी (जाप) के अर्जुन प्रसाद यादव तीसरे स्थान पर रहे। इस सीट पर 4425 लोगों ने नोटा को वोट दिया है। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में जदयू के राजकुमार राय ने 29600 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
लालू के समधी चंद्रिका राय चुनाव हारे
परसा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री चंद्रिका राय राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के छोटे लाल राय से 17293 वोट से पराजित हो गए। राजद ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा । राजद के छोटेलाल राय ने 67746 मत हासिल किया, वहीं जदयू के चंद्रिका राय को 50799 वोट ही प्राप्त हुआ । इस सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राकेश कुमार सिंह 12137 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। वर्ष 2015 के चुनाव में श्री लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका राय राजद के टिकट पर चुनाव लड़े थे और वह 42335 वोट के अंतर से जीते थे।
राजद के कद्दावर नेता एवं पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी की हार
बिहार की राजनीति में गहरी पैठ रखने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कद्दावर नेता एवं पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी इस बार केवटी विधानसभा क्षेत्र की चुनावी पिच पर क्लीन बोल्ड हो गए और वह सातवीं बार जीत का सेहरा नहीं बांध पाए। दरभंगा जिले के बहेड़ा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1995, 2000, फरवरी एवं अक्टूबर 2005 में तथा अलीनगर से वर्ष 2010 और 2015 में कुल छह बार जीत चुके राजद प्रत्याशी सिद्दीकी की विकेट इस बार केवटी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुरारी मोहन झा ने उखाड़ दी और उन्हें 5267 मतों के अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी।
तीन सीटों पर दम दिखा रही मांझी की हम, चार पर बेदम
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महाठबंधन को छोड़कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक के रूप में सात सीटों पर चुनावी रण में उतरी हिंदुस्तान आवामी मोर्चा (हम) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के चार उम्मीदवारों का दम फूल रहा है जबकि मांझी और उनके परिवार के अन्य सदस्य पार्टी की नैया को चुनावी वैतरणी पार कराने की कोशिश में लगे हैं।
वाम दलों का बेहतर प्रदर्शन, 18 सीटों पर आगे
बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में वाम दल अच्छा प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं और उनके उम्मीदवार 18 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। राजद और कांग्रेस के साथ महागठबंधन में शामिल तीन प्रमुख वाम दलों- भाकपा (माले), भाकपा और माकपा- ने कुल 29 सीटों पर चुनाव लड़ा। भाकपा (माले) ने 19, भाकपा ने छह और माकपा ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा।
3 बजे तक राजग की महागठबंधन पर 27 सीट की बढ़त
मतगणना में तीन बजे तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की महागठबंधन पर 27 सीट की बढ़त बनी हुई है। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अबतक के रुझान के अनुसार, राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 73 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 49, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) पांच और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के उम्मीदवार दो सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रहे हैं। इस तरह राजग प्रत्याशियों की 127 सीटों पर बढ़त बनी हुई है।
वहीं महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जहां 64 सीट पर आगे चल रहा है वहीं उसने साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र में जीत दर्ज की है। राजद के सत्तानंद संबुद्ध उर्फ ललन को 64270 वोट मिले वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के शशिकांत कुमार शशि उर्फ अमर कुमार सिंह ने 50424 मत हासिल किए। इस तरह संबुद्ध ने शशिकांत कुमार शशि को 13846 मतों के अंतर से पराजित कर दिया है।
इसी तरह महागठबंधन के अन्य घटक कांग्रेस 20, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) 12 तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) तीन-तीन सीट पर आगे है। वहीं ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन चार, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) दो, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) एक तथा चार निर्दलीय उम्मीदवार अपने-अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रहे हैं।
दरभंगा सीट पर भाजपा ने दर्ज की जीत
बिहार की दरभंगा विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार संजय सरावगी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद प्रत्याशी अमरनाथ गामी को दस हजार से अधिक मतों से हराकर जीत दर्ज की। निर्वाचन अधिकारी थियागराजन एस.एम ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सरावगी (50) ने 2015 के विधानसभा चुनाव में भी इस सीट पर 7,460 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इस सीट पर विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में सात नवम्बर को मतदान हुआ था।
दोपहर 1 बजे तक राजग 127 और महागठबंधन 106 सीट पर आगे
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझान में दोपहर एक बजे तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 127 जबकि महागठबंधन के प्रत्याशी 106 सीट पर आगे चल रहे हैं। राज्य निर्वाचन कार्यालय से मतगणना के अब तक के मिल रहे रुझान में राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे अधिक 74 सीट पर बनाए हुए है। वहीं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के 48 उम्मीदवार, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के चार और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) का एक प्रत्याशी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे हैं।
वहीं, महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल 66, कांग्रेस 21, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) 13 तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) तीन-तीन सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। इसी तरह ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन तीन, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) दो, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) एक और चार निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
बाहुबली प्रत्याशियों का दबदबा कायम
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों में बाहुबली प्रत्याशी में अपने-अपने क्षेत्र में बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव परिणामों के रुझानों में कई बाहुबली प्रत्याशी आगे चल रहे हैं और इससे क्षेत्र में दबदबा का पता चलता है। मोकामा विधानसभा क्षेत्र से के जेल में बंद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बाहुबली अनंत सिंह लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, कुचायकोट से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बाहुबली अमरेंद्र पांडे और पप्पू पांडे भी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से बढ़त बनाए हुए हैं।
इसी तरह लालगंज से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे बाहुबली मुन्ना शुक्ला और तरारी से निर्दलीय ताल ठोक रहे सुनील पांडे ने भी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही पटना के दानापुर से राजद के रीतलाल यादव भी काफी बढ़त बनाए हुए हैं। इन क्षेत्रों में इनकी जीत को लेकर कार्यकर्ताओं ने अभी से ही जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
राजग 122 सीट, महागठबंधन 102 सीटों पर आगे
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के अब तक प्राप्त रुझानों के अनुसार 243 सीटों में से राजग 122 सीटों पर आगे चल रहा है जबकि विपक्षी महागठबंधन 102 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, मतगणना के रुझानों में भाजपा 72 सीटों पर आगे चल रही है जबकि सहयोगी जदयू 46 सीट और वीआईपी पार्टी 7 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।
महागठबंधन से राजद 62 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 21 सीटों पर, भाकपा-माले 13 सीट, भाकपा 3 और माकपा 2 सीटों पर आगे चल रही है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी 5 सीटों पर आगे चल रही है। आयोग के अनुसार बहुजन समाज पार्टी एक सीट पर आगे चल रही है, वहीं असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम तीन सीट पर आगे चल रही है। निर्दलीय 7 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
राजग 125 सीट, महागठबंधन 102 सीटों पर आगे
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना में 243 सीटों में से 238 सीटों के अब तक आए रुझानों में राजग 125 सीटों पर आगे चल रहा है जबकि विपक्षी महागठबंधन 102 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, मतगणना के अब तक आए रुझानों में भाजपा 70 सीटों पर आगे चल रही है जबकि सहयोगी जदयू 48 सीट, हम पार्टी एक सीट और वीआईपी पार्टी 6 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।
महागठबंधन से राष्ट्रीय जनता दल 62 सीटों पर आगे चल रहा है जबकि माकपा 3 सीट, भाकपा-माले 13 सीट, भाकपा 3 और कांग्रेस 21 सीटों पर आगे चल रही है। आयोग के अनुसार बहुजन समाज पार्टी एक सीट पर आगे चल रही है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एमआईएमआईएम दो सीट पर आगे चल रही है जबकि चिराग पासवान की पार्टी लोजपा 4 सीटों पर आगे चल रही है। निर्दलीय 4 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
राजद नेता तेज प्रताप यादव हसनपुर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी जदयू के राजकुमार राय से 146 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं तेजस्वी यादव अपनी राघोपुर विधानसभा सीट से निकटतम प्रतिद्वन्द्वी पर 1,154 मतों से बढ़त बनाये हुए हैं। भाजपा की श्रेयसी सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी से 3,028 मतों से आगे चल रही हैं। भाजपा के नीतीश मिश्रा 3,727 मतों से आगे चल रहे हैं जबकि परसा सीट से जदयू के चंद्रिका राय 1,166 मतों से पीछे चल रहे हैं।
मतगणना के प्रारंभिक रूझानों में राजग 99 सीट पर, महागठबंधन 87 सीटों पर आगे
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रारंभिक रूझानों में भाजपा 54 सीटों पर आगे चल रही है जबकि सहयोगी जदयू 42 सीट और वीआईपी पार्टी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। महागठबंधन से राजद 57 सीटों पर आगे चल रही है जबकि भाकपा 3 सीट, भाकपा-माले 10 सीट और कांग्रेस 17 सीटों पर आगे चल रही है।
राजग 87 सीट, महागठबंधन 80 सीटों पर आगे
मतगणना में 176 सीटों पर आए प्रारंभिक रुझानों के अनुसार राजग 87 सीटों पर आगे चल रहा है जबकि विपक्षी महागठबंधन 80 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। आयोग के अनुसार, प्रारंभिक रूझानों में भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है जबकि सहयोगी जदयू 34 सीटों और वीआईपी पार्टी 5 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।
महागठबंधन में राजद 54 सीटों पर आगे चल रही है जबकि भाकपा 2 सीट, भाकपा-माले 10 सीट और कांग्रेस 14 सीटों पर आगे चल रही है। बहुजन समाज पार्टी एक सीट पर आगे चल रही है, वहीं असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एमआईएमआईएम एक सीट पर बढ़त बनाये हुए है। चिराग पासवान की पार्टी लोजपा 4 सीटों पर आगे चल रही है । निर्दलीय दो सीटों पर आगे चल रहे हैं ।
10 बजे तक राजग 66 और महागठबंधन 61 सीट पर आगे
बिहार विधानसभा चुनाव की आज जारी मतगणना में सुबह दस बजे तक जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार 66 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है वहीं महागठबंधन प्रत्याशी 61 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 35, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 26 और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से पांच सीट पर आगे चल रहे हैं।
वहीं, महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 40, कांग्रेस, 14, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) छह और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रत्याशी एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।
