बरेली: पिता कराना चाहते थे निकाह, बेटी ने किया धर्म परिवर्तन
बरेली,अमृत विचार। एडीजी जोन बरेली के ऑफिस में वायरलेस सेक्शन में तैनात दरोगा की बेटी ने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप लगाया है कि उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है। पिता उसके बड़े पापा के बेटे से जबरन निकाह कराना चाहते हैं। उसकी जान को खतरा है। वह डर के चलते …
बरेली,अमृत विचार। एडीजी जोन बरेली के ऑफिस में वायरलेस सेक्शन में तैनात दरोगा की बेटी ने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप लगाया है कि उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है। पिता उसके बड़े पापा के बेटे से जबरन निकाह कराना चाहते हैं। उसकी जान को खतरा है। वह डर के चलते घर से भागकर आयी है।
युवती मंगलवार को हरिद्वार कोतवाली में पहुंची। सूचना मिलने पर माता-पिता और बदायूं पुलिस हरिद्वार पहुंची लेकिन उसने परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया। बुधवार को भी परिजन उसे घर ले जाना चाहते थे लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया जिसके बाद पुलिस ने उसे हरिद्वार में ही एक रिश्तेदार के घर उसे उसकी मर्जी से भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, बदायूं कोतवाली के एक मोहल्ले की रहने वाली जेवा खानम 5 नवंबर को बदायूं से चली गई थी। वह कोचिंग पढ़ने सुमित शर्मा के पास गई थी लेकिन वापस नहीं आई। उसके पिता इदरीश खान ने बदायूं पुलिस से संपर्क किया।
जेवा की मां सकीना खानम ने कोचिंग पढ़ाने वाले सुमित और उसकी मां रश्मि के खिलाफ बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इसके बाद बदायूं पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। 10 नवंबर को लड़की हरिद्वार कोतवाली में पहुंच गई। कुछ देर बाद वहां हिंदू संगठन के पदाधिकारी भी पहुंच गए।
हरिद्वार से उसका वीडियो वायरल हुआ जिसमें उसने कहा कि उसके पिता आईजी ऑफिस में हैं। उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया। उसके पिता उस पर दबाव बना रहे हैं। उसका घर में शोषण किया जा रहा है। उसकी शादी जबरन उम्रदराज से करायी जा रही है। उसकी मां हिंदू थीं। पिता ने उनकी हत्या कर दी है। वह उनकी संपति हथियाना चाहते हैं।
उसके पिता ने दूसरी शादी की है। उसकी सौतेली मां उसकी बहन से अच्छा व्यवहार कर उसे पढ़ाती लिखाती हैं। उसका ज्यादा ख्याल रखती हैं लेकिन उसका ध्यान नहीं देती हैं। वह परेशान हो गई है, जिसकी वजह से घर छोड़कर आयी है। उसकी जान को खतरा है, इसलिए वह अपने घर नहीं जाना चाहती है।
रिश्तेदार के साथ जाने की जताई इच्छा
युवती के कोतवाली में पहुंचने पर हरिद्वार पुलिस ने बदायूं पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद बदायूं पुलिस हरिद्वार पहुंची। उसके पिता व मां भी पहुंचे और उसे साथ चलने के लिए कहा लेकिन लड़की ने साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों ने उसे काफी देर तक मनाने का प्रयास किया लेकिन वह परिजनों पर लगातार आरोप लगाती रही।
जिसके बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की। बुधवार को एक बार फिर से परिजनों ने उसे साथ चलने की बात कही लेकिन वह नहीं मानी। काफी देर समझाने के बाद उसने अपने रिश्तेदार के घर जाने की इच्छा जताई। जिसके बाद बदायूं पुलिस ने उसे हरिद्वार में ही रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया।
एडीजी ऑफिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इदरीश कई दिनों से छुट्टी पर चल रहे हैं और वापस नहीं आए हैं। हरिद्वार कोतवाली के प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि युवती ने परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बदायूं पुलिस व परिजन आए थे लेकिन उसने परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया। उसे हरिद्वार में ही एक रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया गया है।
