बाराबंकी: डीएपी और एनपीके की कालाबाजारी कर मोटी रकम वसूलने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा जिला पंचायत सदस्य ने सचिव के विरुद्ध प्रदेश के मुखिया को लिखा पत्र

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिये भाजपा जिला पंचायत सदस्य ने सचिव के विरुद्ध प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ सहित संबंधित आलाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। विकासखंड सूरतगंज के ग्राम जैतपुर निवासी जिला पंचायत सदस्य उमेश चंद्र ने भेजे गए शिकायत पत्र में कहा कि निर्वाचन क्षेत्र मधवा जलालपुर की साधन सहकारी समिति के सचिव श्रीकांत वर्मा द्वारा डीएपी व एनपीके खाद की कालाबाजारी कर मोटी रकम वसूली जा रही है।

जरूरतमंद किसानों को सहकारी समिति से वापस किया जा रहा है। जिससे वह खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं। यही नहीं समिति के सदस्यों को दो बोरी खाद देकर चार बोरी का मैसेज भेजा जा रहा है। शेष बची हुई खाद को अधिक दामों पर ब्लैक किया जा रहा है। नाराज किसानों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन सचिव की मनमानी के आगे उनकी नहीं चल रही है। 

demo image v - 2024-11-19T204849.364

बता दें कि क्षेत्र में इन दिनों फसल की बुवाई चल रही हैं। जिसके चलते खाद की मारामारी चल रही है। निजी खाद के दुकानदार इसी का फायदा उठाकर महंगे दामों में खाद बेच रहे हैं। मजबूरन किसानों को 1350 रुपये की खाद की बोरी 1700 रुपये से अधिक के दामों में खरीदना पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि जिम्मेदार सक्षम अधिकारीयों की मिली भगत से खाद की कालाबाजारी चल रही है। इसी के चलते सहकारी समितियां व प्राइवेट दुकानदार खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। शिकायत के बाद जांच टीमें आती हैं और अपना आवभगत करवाकर वापस चली जाती हैं।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी: शिक्षक बने बीडीओ, बच्चों से पूछे सवाल...ब्लैक बोर्ड पर समझाए जवाब

संबंधित समाचार