रामपुर : किशोरी ने बच्ची को दिया जन्म, पुजारी पर दुष्कर्म का आरोप
सैदनगर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र में किशोरी ने बच्ची को जन्म दिया। पीड़ित परिजनों ने पुजारी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की तो पुलिस गांव पहुंची। इस बीच पुजारी गांव से भाग गया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति का परिवार रहता है। उनकी 14 वर्षीय पुत्री को लीवर की दिक्कत थी। झोलाछापों से उसका इलाज कराया। बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे मिलक खानम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां बुधवार शाम चार बजे किशोरी ने सामान्य प्रसाव से बच्ची को जन्म दिया, तो परिजन हौरान रह गए। इसके बाद परिजनों ने किशोरी और उसकी बच्ची को रिश्तेदारी में पहुंचा दिया। लेकिन घटना के बारे में जानकारी हुई तो गांव में हंगामा हो गया। परिजनों ने किशोरी से पूछताछ की तो उसने गांव में रह रहे पुजारी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। उसने परिजनों को बताया कि पुजारी 2 वर्ष से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। परिजन पुजारी के पास शिकायत करने पहुंचे तो उसने उन्हें फंसाने का आरोप लगाकर धमकी दी। दोपहर बाद किशोरी के परिजनों ने थाने में पुलिस को घटना बताई। परिजनों की शिकायत के बाद थाना अध्यक्ष करम सिंह पाल पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों से बात की। पुलिस को आता देख आरोपी पुजारी मौके से भाग गया। इस दौरान महिला पुलिस को पीड़ित किशोरी ने बताया कि पुजारी उसके साथ 2 वर्ष से शारीरिक संबंध बना रहा था। थाना अध्यक्ष ने बताया कि किशोरी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - रामपुर : सड़क हादसे में 4 वर्षीय बालिका की मौत, भाई घायल
